अरुणा अग्रवाल
रंगिया। आगामी 15 अगस्त को भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रंगिया के महकमाधिपति स्वप्निल पाल (भा. प्र. सेवा) की अध्यक्षता में कार्यवाही दण्डाधिश, चक्राधिकारी, पुलिस प्रशासन, महकमा के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्वयं सेवी संगठन और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में महकमाधिपति कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। उल्लेखनीय है कि रंगिया महकमा प्रशासन इसबार सरकारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए व्यापक तैयारियां कर रहा है। तद्नुसार रंगारंग कार्यक्रम के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने के उद्देश्य से महकमाधिपति स्वप्निल पाल द्वारा बैठक में कार्यवाहक दण्डाधिश, चक्राधिकारी और महकमा के विभिन्न विभागों को कुछ महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया। पहले की तरह स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गीतांजलि, प्रभात फेरी, गृह- सरकारी संस्थान- शैक्षणिक संस्थानों में ध्वजारोहण, शहीद तर्पण, परेड ग्राउंड में प्रमुख व्यक्ति द्वारा ध्वजारोहण, मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, फल-मूल वितरण, मैत्रीपूर्ण खेलकूद, सरकारी प्रतिष्ठानों में प्रकाश व्यवस्था आदि का आयोजन होगा, सम्पूर्ण कार्यक्रम कोविड नियमों को पालन करते हुये आयोजित किया जायेगा यह जानकारी महकमाधिपति स्वप्निल पाल द्वारा दी गयी है। उन्होंने बैठक में बताया कि रंगिया महकमा प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस के पूर्व मौके पर सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए विभिन्न प्रतियोगिताएं ऑनलाइन के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इसमें स्लोगन, चित्रांकन, रचना, देशभक्ति गीत और नृत्य, व्याख्यान, फोटोग्राफी (विषय- हेउज रंगिया), योग-प्रदर्शन और अन्य प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके आयोजन को लेकर महकमाधिपति स्वप्निल पाल द्वारा महकमा के कार्यवाहक दण्डाधिशों को दायित्व सौंपा गया। साथ ही इसकी व्यवस्था करने का परामर्श दिया गया। इसके अलावा, महकमाधिपति स्वप्निल पाल ने इस मौके पर देशभक्त तरुण राम फुकन के जीवन चक्र पर प्रकाश डालते हुए स्वाधीनता दिवस के मौके पर रंगिया महकमा प्रशासन द्वारा प्रकाशित की जाने वाली "प्राचिर पत्रिका" के लिए श्रेष्ठ रचना आमंत्रित करने का आह्वान किया। बैठक में महकमाधिपति स्वप्निल पाल बताया कि महकमा के अंतर्गत समाज सेवा में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों, एकनिष्ठ सेवा में अपना कर्तव्य पालन करने वाले शिक्षकों, सरकारी कर्मचारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, सफाई कर्मचारियों आदि को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें