नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को पार्टी की राज्य इकाई में जारी गुटबाजी के बीच पार्टी नेताओं केसी वेणुगोपाल और हरीश रावत से दिल्ली में मुलाकात के बाद कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। सिद्धू ने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपनी चिंता से अवगत कराया और कहा कि वह उनके निर्देशों का पालन करेंगे।
उन्होंने कहा, “मैंने पंजाब और पंजाब कांग्रेस के बारे में पार्टी आलाकमान को अपनी चिंता व्यक्त की। मुझे कांग्रेस अध्यक्ष (सोनिया गांधी), प्रियंका जी और राहुल जी पर पूरा भरोसा है। वे जो भी फैसला लेंगे वो कांग्रेस और पंजाब की बेहतरी के लिए होगा। मैं उनके निर्देशों का पालन करूंगा।” पार्टी के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने बताया कि शुक्रवार को अंतिम घोषणा की जाएगी। रावत ने कहा, “नवजोत सिद्धू ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष का निर्णय उन्हें स्वीकार्य होगा। निर्देश स्पष्ट हैं कि नवजोत सिद्धू को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम करना चाहिए और संगठनात्मक ढांचा स्थापित करना चाहिए। कल एक घोषणा की जाएगी।” सिद्धू को जुलाई में तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कड़े विरोध के बावजूद पंजाब कांग्रेस प्रमुख बनाया गया था। पिछले महीने सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि पार्टी हाईकमान ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया था। (हि.स.)







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें