कामरूप (असम)। विपक्ष के कई विधायक भाजपा पार्टी में आने की सोच रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने आज रंगिया में मीडिया के साथ बातचीत करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक विधायक भी भाजपा में शामिल होने के लिए उनसे संपर्क किया है।
रंगिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा कि आज जो विकास हो रहा है, उसको और आगे बढ़ाने के लिए विपक्ष के विधायक विकास में मदद के लिए भाजपा में आना चाहते हैं। अध्यक्ष ने कहा कि किसे लिया जाएगा, कौन नहीं लिया जाएगा, यह बाद में देखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक विधायक और बहुसंख्यक समाज के विधायक भी भाजपा पार्टी में आना चाहते हैं। बराक, ब्रह्मपुत्र, पहाड़, मैदान असम के विभिन्न हिस्सों के विपक्षी विधायकों ने भाजपा से संपर्क किया है। स्थानीय विधायक एवं भाजपा अध्यक्ष कलिता ने आज रंगिया में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए उपरोक्त जानकारी मीडिया से बात करते हुए साझा की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के विस्फोटक बयान से विपक्षी खेमे में हड़कंप मच गया है। पहले सिर्फ कांग्रेस पार्टी अपने विधायकों के भाजपा में जाने से परेशान और हतोत्साहित थी, लेकिन अब एआईयूडीएफ की भी यही अवस्था हो रही है। वहीं बीटीआर बीपीएफ के बारे में कहा जाता है कि वह कभी भी भाजपा में भी शामिल हो सकती है, लेकिन ये बातें अभी मीडिया के बीच चर्चा में है। (हि.स.)







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें