नगालैंड हिंसा मामले में सेना की जांच टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत इकट्ठे किये - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

नगालैंड हिंसा मामले में सेना की जांच टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत इकट्ठे किये



मोन (नगालैंड)। नगालैंड के मोन जिले के ओटिंग बस्ती में 04 दिसम्बर को सुरक्षाबलों की फायरिंग में 13 नागरिकों की मौत के बाद हुई हिंसा की जांच के लिए बुधवार को सेना की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के हिंसक हमले में सेना के जवान की भी मौत हुई थी। सेना के उच्च अधिकारियों ने आज मुख्य घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत इकट्ठे किये।


उग्रवादियों के संदेह में सेना के 21 पैरा कमांडो की गोलीबारी में 13 निर्दोष लोग मारे गए थे। गोलीबारी के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सुरक्षाबलों की गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था। इसके बाद पूरे जिले में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुए। लोग अफस्पा कानून को वापस करने की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

कोन्याक यूनियन, कोयन्याक स्टूडेंट यूनियन के साथ ही विभिन्न संगठनों ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। इसके बाद इस मामले की जांच के लिए सेना ने एक जांच टीम का गठन किया। भारतीय सेना की ओर से रविवार को नगालैंड के मोन जिले में उग्रवाद विरोधी अभियान पर एक बयान जारी करके नगालैंड के लोगों से धैर्य रखने और सेना की जांच के निष्कर्षों की प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया गया। सेना ने यह भी भरोसा दिलाया कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना में नागरिक जीवन के नुकसान पर खेद व्यक्त करते हुए बयान में यह भी कहा गया था कि सेना की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और इसे जल्द से जल्द समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। सेना नगालैंड सरकार की एसआईटी जांच के साथ पूरी तरह से सहयोग कर रही है। जांच के क्रम में आज दिनजान स्थित सेना शिविर के दो ब्रिगेडियर, एक जनरल मेजर, नगालैंड की एक महिला आईपीएस अधिकारी ओटिंग बस्ती पहुंचे और तथ्यों को संग्रह किया। इसके बाद टीम ने टीजिट थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें