गुवाहाटी। परिवहनकर्ताओं के अलावा स्थानीय किसानों और उत्पादकों को मदद करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) ने किसान रेल ट्रेनों का परिचालन जारी रखा है। यह भारतीय रेल की एक पहल है, जिसका उद्देश्य फलों और सब्जियों जैसे शीघ्र नष्ट होने वाले उत्पादों को उत्पादन एवं अधिशेष क्षेत्रों से उपभोग तथा कमी वाले क्षेत्रों में पहुंचा कर किसानों की आय को बढ़ावा देना है।
पूसीरे ने आलू परिवहन के लिए पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी से त्रिपुरा के अगरतला तक निर्धारित ठहराव स्टेशनों पर लोडिंग एवं अनलोडिंग के साथ किसान रेल ट्रेन चला रही है। धूपगुड़ी से तीन ट्रिप के लिए यह ट्रेन चलायी जा चुकी है और अन्य तीन ट्रिप 24, 27 और 30 जनवरी को चलायी जायेगी। आलू परिवहन के लिए फालाकाटा से अगरतला तक किसान रेल ट्रेन की अन्य सेवा 24 और 31 जनवरी, 7, 14, 21 और 28 फरवरी, 2022 को चलायी जाएगी।
पूसीरे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी गुनीत कौर ने शुक्रवार को एक बयान में बताया है कि ट्रेन संख्या 00560 धूपगुड़ी - अगरतला किसान रेल धूपगुड़ी से 16.30 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन 01.00 बजे अगरतला पहुंचेगी। ट्रेन फालाकाटा, न्यू कोचबिहार, न्यू बंगाईगांव, गुवाहाटी और भांगा स्टेशनों पर लोडिंग एवं अनलोडिंग के लिए रुकेगी।
अन्य ट्रेन संख्या 00561 फालाकाटा – अगरतला किसान रेल फालाकाटा से 15.00 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 17.00 बजे अगरतला पहुंचेगी। ट्रेन न्यू कोचबिहार, न्यू बंगाईगांव और भांगा स्टेशनों पर लोडिंग एवं अनलोडिंग के लिए रुकेगी।
उल्लेखनीय है कि किसान रेल के माध्यम से फलों एवं सब्जियों और कृषि उत्पादों जैसे शीघ्र नष्ट होने वाली वस्तुओं को आसानी से परिवहन किया जा सकता है। किसान रेल सेवाओं के माध्यम से फलों और सब्जियों के परिवहन पर माल ढुलाई में दी जाने वाली 50 प्रतिशत सब्सिडी खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (एमओएफपीआई) द्वारा वहन की जाती है।
वर्तमान में पूसीरे में किसान रेल द्वारा अगरतला, डिमापुर, चांगसारी, न्यू गुवाहाटी, जोरहाट टाउन, आजरा, तिनसुकिया जैसे गंतव्यों तक चलाई जा रही है। किसान रेल सेवाओं के बारे में मंडल या मुख्यालय स्तर पर संबंधित वाणिज्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें