तीन पैसेंजर ट्रेनों की सेवाएं फिर होंगी शुरू - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

तीन पैसेंजर ट्रेनों की सेवाएं फिर होंगी शुरू



-दो पैसेंजर ट्रेनों के समय और फेरे संशोधित

-गुवाहाटी और न्यू हाफलांग के बीच विशेष ट्रेन

गुवाहाटी। यात्रियों की मांग को पूरा करने के लिए, पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) ने सात जनवरी से रंगापाड़ा नॉर्थ - डेकारगांव और रंगिया - डेकारगांव के बीच दैनिक पैसेंजर ट्रेन की सेवाओं को पुनर्बहाल करने का निर्णय लिया है। कम दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए चार जनवरी से सिलचर और धर्मनगर के बीच द्वि-साप्ताहिक पैसेंजर ट्रेन सेवाओं को भी पुनर्बहाल करने का निर्णय लिया गया है।

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी गुनीत कौर ने रविवार को बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए गुवाहाटी और न्यू हाफलांग के बीच प्रत्येक दिशा से नौ फेरों के लिए एक विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी। इसके अलावा, सिलचर और भैरबी के बीच चलने वाली पैसेंजर स्पेशल ट्रेन (सं. 05567/05568) के फेरों को एक जनवरी से द्वि-साप्ताहिक से बढ़ाकर दैनिक कर दिया गया है। दूसरी ओर, यात्री सुविधा के लिए सिलचर और जिरिबाम के बीच चलने वाली पैसेंजर स्पेशल ट्रेन (सं. 05659/05660) तीन जनवरी से संशोधित समय के साथ चलेगी।

जिन ट्रेन सेवाओं की पुनर्बहाली हुई है, उसमें ट्रेन संख्या 05823 रंगापाड़ा नॉर्थ - डेकारगांव दैनिक पैसेंजर स्पेशल रंगापाड़ा नॉर्थ से 06.20 बजे प्रस्थान कर 06.55 बजे डेकारगांव पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05824 डेकारगांव - रंगापाड़ा नॉर्थ दैनिक पैसेंजर स्पेशल डेकारगांव से 22.40 बजे रवाना होकर 23.25 बजे रंगापाड़ा नॉर्थ पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 05861 रंगिया - डेकारगांव दैनिक पैसेंजर स्पेशल रंगिया से 15.30 बजे प्रस्थान कर 20.15 बजे डेकारगांव पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 05862 डेकारगांव - रंगिया दैनिक पैसेंजर स्पेशल डेकारगांव से 07.30 बजे प्रस्थान कर 11.55 बजे रंगिया पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 05677 सिलचर - धर्मनगर द्वि-साप्ताहिक पैसेंजर स्पेशल दिनांक 04 जनवरी से पुनर्बहाल होगी। यह ट्रेन सिलचर से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को 17.30 बजे प्रस्थान कर 22.35 बजे धर्मनगर पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 05678 धर्मनगर - सिलचर पैसेंजर स्पेशल पांच जनवरी से पुनर्बहाल होगी। यह ट्रेन धर्मनगर से प्रत्येक बुधवार और शनिवार को 05.30 बजे प्रस्थान कर 10.20 बजे सिलचर पहुंचेगी।

गुवाहाटी और न्यू हाफलांग के बीच विशेष ट्रेन चलेगी। ट्रेन संख्या 05611 गुवाहाटी - न्यू हाफलांग स्पेशल दो से 16 जनवरी तक नौ फेरों के लिए रविवार, मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को गुवाहाटी से 17.30 बजे रवाना होकर अगले दिन 00.30 बजे न्यू हाफलांग पहुंचेगी। वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 05612 न्यू हाफलांग - गुवाहाटी स्पेशल तीन से 17 जनवरी तक नौ फेरों के लिए न्यू हाफलांग से सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार को 02.00 बजे प्रस्थान कर 08.35 बजे गुवाहाटी पहुंचेगी।(हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें