मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को तड़के 4 बजे महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक विभाग के मंत्री नवाब मलिक के कुर्ला स्थित निवास पर छापा मारा और उन्हें ईडी दफ्तर पर ले जाकर उनसे पूछताछ कर रही है।
ईडी अधिकारियों ने नवाब मलिक का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है। कुख्यात बदमाश दाऊद इब्राहिम से संबंध में मनी लॉड्रिंग एंगल से सुबह पौने 8 बजे से उनसे पूछताछ की जा रही है। नवाब मलिक के समर्थकों ने ईडी कार्यालय का घेराव करने की जानकारी भी दी है इसलिए केंद्रीय सुरक्षा रक्षक तथा पुलिस का बंदोबस्त ईडी दफ्तर तथा कुर्ला इलाके में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार नवाब मलिक ने दाऊद इब्राहिम के सहयोगी तथा 1993 मुंबई बम विस्फोट के सजायाफ्ता कैदी सरदार वली खान की कुर्ला स्थित 3 एकड़ जमीन सिर्फ 30 लाख रुपये में वर्ष 2005 में खरीदी थी। इस जमीन की रजिस्ट्री पर सरदार वली खान की ओर से सलीम पटेल व नवाब मलिक की ओर से उनके बेटे फराज मलिक ने हस्ताक्षर किया था।
इस मामले का पर्दाफाश पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवंबर महीने में किया था। इसी शिकायत के आधार पर ईडी की टीम ने भारी बंदोबस्त के साथ आज सुबह 4 बजे नवाब मलिक के कुर्ला स्थित नूर मंजिल पर छापा मारा। छापेमारी के बाद ईडी की टीम नवाब मलिक को लेकर फोर्ट स्थित ईडी दफ्तर ले गई। ईडी की टीम जमीन की खरीद के साथ दाऊद इब्राहिम के साथ संबंधों की भी छानबीन कर रही है।
ईडी ने नवाब मलिक से अबतक की गई पूछताछ का ब्योरा नहीं दिया है। बताया जा रहा है कि नवाब मलिक ईडी के सवालों का जवाब दे रहे हैं।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें