कोकराझार (असम)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा की पहल पर कोकराझार जिला और सभी अधिनस्थ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इसी कड़ी में बरपेटा जिला के मदिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के साथ ही सभी मंडल कमेटी और उसके तहत आने वाले सभी मंडलों को भी भंग कर नयी कमेटी के गठन का निर्देश जारी किया है।
एपीसीसी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पार्टी ने यह फैसला पार्टी के संगठनिक आधार को और मजबूत करने के साथ-साथ पार्टी के काम में तेजी लाने के लिए लिया है। निर्देश में कोकराझार जिला समिति के साथ ही इसके तहत आने वाले सभी ब्लॉक कमेटियों को भंग करने के साथ ही अध्यक्ष बोरा ने नई समितियों का गठन करने के लिये गर्जन मुसाहारी, शंभू मंडल, मोमिनुर इस्लाम, रंजीत सरकार के साथ ही कोकराझार जिला के विभिन्न सदस्यों को शामिल कर कोकराझार जिला कांग्रेस समन्वय समिति का गठन किया गया है।
इस समिति को इस माह के भीतर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष को कोकराझार जिला समिति के पुनर्गठन के लिए उपयुक्त नामों की सूची सौंपने का भी निर्देश दिया गया है। साथ ही आज जारी निर्देश में कोकराझार जिला कांग्रेस कमेटी को संपत्तियों के साथ-साथ विभिन्न स्तरों से होने वाली आय और पिछले पांच वर्षों में जिला कांग्रेस के खर्च का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया है। साथ ही बरपेटा जिला कांग्रेस अध्यक्ष को असम प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जाकिर हुसैन सिकदार और लोकसभा के सांसद अब्दुल खालेक के साथ मदिया ब्लॉक कांग्रेस समिति के तहत सभी मंडल समितियों के पुनर्गठन के लिए एक समिति गठित करने को लेकर चर्चा करने का निर्देश दिया।
विभिन्न स्तरों पर पार्टी कार्यकर्ताओं, पार्टी नेताओं और पंचायत प्रतिनिधियों के परामर्श से मंदिया ब्लॉक कांग्रेस समिति के तहत सभी मंडल समितियों का पुनर गठन कर आगामी 15 दिनों के भीतर योग्य उम्मीदवारों की सूची के साथ राज्य कांग्रेस समिति को प्रेषित करने को कहा गया है।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें