- जनरल पांडे अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर कश्मीर पहुंचे और कमांडरों से मिले
- ज्यादा सतर्क रहने और नियंत्रण रेखा की सुरक्षा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया
नई दिल्ली। भारतीय सेना प्रमुख का पदभार संभालने के बाद जनरल मनोज पांडे शनिवार को अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर कश्मीर पहुंचे हैं। सेनाध्यक्ष ने जमीन पर मौजूद सैनिकों और कमांडरों के साथ भी बातचीत करने के दौरान ज्यादा सतर्क रहने और नियंत्रण रेखा की सुरक्षा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। जनरल पांडे ने इस मौके पर कहा कि यह कश्मीर में विकास, शांति और समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत है।
सेना प्रमुख जनरल पांडे ने उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी और चिनार कॉर्प्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एडीएस औजला के साथ उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलसी) का दौरा किया। उन्होंने पाकिस्तान की सीमा के साथ बने बुनियादी ढांचों को देखा और उन्हें सुरक्षा स्थिति और संचालन संबंधी तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। फॉर्मेशन कमांडरों ने सीओएएस को नियंत्रण रेखा पर मौजूदा युद्ध विराम समझौते, फील्ड किलेबंदी पर विकास कार्यों, घुसपैठ रोधी ग्रिड, परिचालन तैयारियों और सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना और आम नागरिकों के संबंधों के बारे में भी जानकारी दी।
सेना प्रमुख ने फॉर्मेशन कमांडरों के साथ बातचीत करते हुए उन्हें ज्यादा सतर्क रहने और नियंत्रण रेखा की सुरक्षा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जमीन पर मौजूद सैनिकों और कमांडरों के साथ बातचीत में उनके उच्च मनोबल और पेशेवर क्षमता को सराहा। चिनार कॉर्प्स मुख्यालय पहुंचने पर लेफ्टिनेंट जनरल एडीएस औजला ने नियंत्रण रेखा और भीतरी इलाकों की समग्र सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्हें मौजूदा सुरक्षा और सैन्य संचालन संबंधी तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई।
जनरल पांडे ने इस मौके पर कहा कि यह कश्मीर में विकास, शांति और समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत है। सेना प्रमुख ने नागरिक प्रशासन के सभी वर्गों, जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच उत्कृष्ट तालमेल को भी सराहा। उन्होंने कहा कि इसी का नतीजा है कि सीमा रेखा पर सुरक्षा स्थिति में सुधार होने के साथ ही केंद्र शासित राज्य में विकास का नया युग शुरू हो पाया है। इसके लिए उन्होंने चिनार कॉर्प्स के उच्च मनोबल और जम्मू-कश्मीर में शांति निर्माण में योगदान के लिए सराहना की।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें