अरुणा अग्रवाल
रंगिया की अग्रणी स्वेच्छासेवी संस्था 'साधना' का 17वां स्थापना दिवस गुरुवार, 5 मई को धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर रंगिया कृषक शहीद भवन प्रांगण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ संस्था के उपाध्यक्ष तथा स्वस्ति अस्पताल के निदेशक डॉ हितेंद्र नाथ कलिता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ प्रातः 5.30 बजे किया गया। इसके पश्चात संस्था के सचिव योगाचार्य ज्योतिष कलिता के संचालन में सामूहिक योगाभ्यास तथा उपस्थित मुख्य अतिथि कृष्णगुरु आध्यात्मिक विश्वविद्यालय, नसत्र के अध्यापक डॉ गोविंद प्रसाद भुईया द्वारा आध्यात्मिकता और स्वास्थ्य शीर्षक विषय पर वक्तव्य प्रदान किया गया। साथ ही आगामी वर्षाऋतु को देखते हुए कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से सफाई कर्मियों को रेनकोट प्रदान किया गया। वहीं कार्यक्रम के अंतर्गत मौके पर पौधरोपन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में साधना योग महाविद्यालय के शिक्षार्थियों सहित बहुत से गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि रंगिया की अग्रणी संस्था साधना की स्थापना आज से 17 वर्ष पूर्व 5 मई 2005 को हुई थी। अपनी स्थापना के बाद से ही संस्था लोगों के बीच योग शिक्षा के विकास के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और अन्य पहलुओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम चला रही है। इसके अलावा वर्तमान में प्रयास नामक कार्यक्रम के माध्यम से संस्था द्वारा रंगिया में विभिन्न स्थानों में मौजूद बेघर भिखारियों एवं मानसिक रूप से विकारग्रस्त लोगों को रोजाना दो वक्त का भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें