संयमित जीवन राष्ट्र व संघ की सेवा में सहायक: राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

संयमित जीवन राष्ट्र व संघ की सेवा में सहायक: राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया

 


गुवाहाटी। तेरापंथ के एकादशम् अधिशास्ता युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमणजी की विदुषी सुशिष्या साध्वी स्वर्णरेखाजी के सान्निध्य में स्थानीय तेरापंथी सभा के तत्वावधान में तथा सभी संघीय संस्थाओं के सहयोग से 'कैसे करें राष्ट्र व संघ की सेवा कार्यक्रम स्थानीय तेरापंथ धर्मस्थल में प्रात: 9 बजे से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असम के राज्यपाल महामहिम गुलाबचंद कटारिया थे। साध्वीश्रीजी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए फरमाया - राष्ट्र एवं संघ की सेवा के लिए नैतिकता, आचार शुद्धि, चारित्र शुद्धि के साथ संयम की दृष्टि को अपनाना होगा। संयमी व्यक्तित्व ही आत्मसेवी के साथ देशसेवी बन सकता है। पुरुषार्थ की गाथा रचने वाले पूज्य गुरुदेव अपनी पदयात्रा अणुव्रत यात्रा के दौरान मानव को मानव बनाने का प्रयत्न कर रहे हैं, जो राष्ट्र एवं संघ की सेवा कर सकते हैं। साध्वीश्रीजी ने राज्यपाल की विनम्रता की प्रशंसा करते हुए कहा - राज्य के प्रथम नागरिक की एक विशेष गरिमा होती है लेकिन संत की गरिमा को ऊपर रखा। मुख्य अतिथि राज्यपाल कटारिया ने कहा संयमित जीवन राष्ट्र व संघ की सेवा में सहायक होता है। आप अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाकर राष्ट्र व संघ की सेवा कर सकते हैं। इसका सिंहनाद आचार्य श्री तुलसी ने लगभग 75 वर्ष पूर्व अणुव्रत आंदोलन के माध्यम से किया था। उन्होंने अणुव्रत के छोटे-छोटे नियमों के माध्यम से राष्ट्र व संघ की सेवा करने की पुरजोर घोषणा की थी। अगर व्यक्ति सुधारेगा तो राष्ट्र स्वयं सुधर जाएगा। यह तभी संभव है जब आप अपनी भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाएंगे।


 साध्वी सुधांशुप्रभाजी ने अपने विचार वक्तव्य के माध्यम से रखे। तेरापंथी सभा के अध्यक्ष श्री बजरंग कुमार सुराणा ने अपने वक्तव्य के माध्यम से राज्यपाल श्री गुलाबचंदजी कटारिया एवं राज्य की प्रथम महिला श्रीमती अनिता कटारिया का तेरापंथ धर्मस्थल में भावभरा स्वागत-अभिनंदन किया। सभा की तरफ से विजय चोपड़ा, बसंत कुमार सुराणा,झनकार दुधोडिय़ा, उत्तमचंद नाहटा एवं श्री अमोलकचंद भंसाली ने पुष्पगुच्छ तथा सभा के उपाध्यक्ष श्री पवन जम्मड़, संगठन मंत्री छत्तरसिंह भादानी, वरिष्ठ सहमंत्री राजकुमार बैद एवं कोषाध्यक्ष उम्मेद सेठिया ने फुलाम गामोछा, शॉल, जापी, सराई आदि से राज्यपाल महोदय का स्वागत-अभिनंदन किया। कन्यामंडल की कन्याओं ने तिलक लगाकर राज्यपाल एवं उनकी धर्मपत्नी का स्वागत किया। श्रीमती अनिता कटारिया का महिला मंडल की अध्यक्ष अमराव देवी बोथरा, मंत्री ममता दुगड़ एवं कोषाध्यक्ष राजश्री दुगड़ ने शॉल आदि से स्वागत किया। राज्यपाल महोदय का जीवन परिचय निर्मल कोटेचा ने दिया। साध्वीश्रीजी के सामूहिक नमस्कार महामंत्र एवं राष्ट्रगान के साथ आरंभ कार्यक्रम में जैन संस्कारकों एवं महिला मंडल ने मंगलाचरण से राज्यपाल कटारिया का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन सभा के मंत्री रायचंद पटावरी ने किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कार्यक्रम संयोजक निलेश पगारिया ने किया। इस आशय की जानकारी तेरापंथी सभा के सभा के उपाध्यक्ष बाबूलाल सुराणा एवं सहमंत्री राकेश जैन ने यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें