पूजा माहेश्वरी
नगांव, शहर की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में नगांव जिला प्रशासन और जिला परिवहन विभाग ने जनहित में एक सराहनीय संयुक्त पहल की है। बुधवार को नेहरूबली मैदान में नगांव के विधायक रूपक शर्मा और उपायुक्त देवाशीष शर्मा ने औपचारिक रूप से नई सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। इस पहल से शहर की यातायात व्यवस्था को तेज, सुगम और सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ छात्रों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर विधायक रूपक शर्मा और उपायुक्त देवाशीष शर्मा ने कहा कि सिटी बस सेवा शुरू करने वाला नगांव राज्य का दूसरा शहर बन गया है। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से सिटी बस सेवा का उपयोग करने की अपील की, ताकि यह सेवा स्थायी रूप से जारी रह सके। उन्होंने निकट भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाने का आश्वासन भी दिया। साथ ही सामान्य बसों के अतिरिक्त इलेक्ट्रिक, वातानुकूलित ‘ग्रीन सिटी बस’ सेवा शुरू करने की भी योजना पर प्रकाश डाला।
प्रशासन ने कुल छह बसों के साथ शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर सेवा शुरू की है, जिसके बाद दो और बसें जोड़ी जाएंगी। प्रमुख मार्ग इस प्रकार हैं—
* बेबेजिया चाराली से पुरानीगुदाम (15 स्टॉप) और पुरानीगुदाम से बेबेजिया चाराली।
* हैबरगांव स्थित ढिंग गेट से कंपुर टाउन (14 स्टॉप) और कंपुर टाउन से ढिंग गेट।
* रुपाही मार्केट से डिमौ चाराली (13 स्टॉप) और डिमौ चाराली से रुपाही मार्केट।
विशेष रूप से, हैबरगांव के धिंग
गेट से संपूर्ण टाउन मार्ग पर चलने वाली दो अतिरिक्त बसों को नगांव शहर से बटद्रवा तक विस्तारित किया गया है । बटद्रवा महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की पवित्र जन्मस्थली है । इससे बटद्रवा थान तथा नवनिर्मित “श्रीमंत शंकरदेव आविर्भाव क्षेत्र” जाने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को काफी लाभ मिलेगा । सिटी बस सेवा प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगी। किराया दूरी के आधार पर किफायती दरों पर निर्धारित किया गया है—
पहले 5 किमी तक 10 रुपये,
5 से 10 किमी तक 15 रुपये,
10 से 15 किमी तक 20 रुपये,
15 से 20 किमी तक 25 रुपये,
20 से 25 किमी तक 30 रुपये,
25 से 30 किमी तक 35 रुपये,
और 30 से 35 किमी तक 40 रुपये। बुधवार से सिटी बस सेवा सड़कों पर उतरने के साथ ही नगांव जिले के नागरिकों में खुशी की लहर देखी गई । उद्घाटन समारोह में नगांव जिला परिषद की अध्यक्षा गीतांजलि हजारिका, नगांव विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष ध्रुबज्योति शर्मा, नगांव नगर पालिकाध्यक्ष अंबिका मजूमदार, सीमांत बोरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें