नवागंतुक केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ भी की बातचीत
पूजा माहेश्वरी
नगांव, आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले की चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने कल नगांव जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने 56 नंबर रूपहीहाट और 58 नंबर सामगुरी विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत सोनारिबाली, पाघली, मुवामारी, ब्रह्माबिल और कदमगुड़ी जैसे इलाकों के संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा किया । इस दौरान आयुक्त ने मतदान केंद्रों के बुनियादी ढांचे, सुरक्षा के लिए चारदीवारी की स्थिति तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल व्यवस्था जैसे विषयों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत कर चुनाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी ली। दूर-दराज के कई मतदान केंद्रों तक जिला आयुक्त स्वयं वाहन चलाकर पहुंचे। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान सामगुरी राजस्व चक्र के सर्कल अधिकारी राजेश सिंह (एसीएस) तथा रूपहीहाट राजस्व चक्र के सर्कल अधिकारी प्रीतम कुमार ठाकुरिया उपस्थित रहकर प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया।
वहीं, विधानसभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में पूरे नगांव जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देश के विभिन्न हिस्सों से आए सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों की तैनाती का जायजा लेने के लिए आज जिला आयुक्त ने विभिन्न अस्थायी शिविरों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला आयुक्त ने जवानों के रहने-खाने की व्यवस्था तथा उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें