गणगौर विसर्जन मेले में कई प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, विभिन्न संगठनों की ओर से दी जाएगी सेवाएं - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

गणगौर विसर्जन मेले में कई प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, विभिन्न संगठनों की ओर से दी जाएगी सेवाएं



गुवाहाटी, श्री गणगौर तीज महोत्सव समिति (अंतर्गत युवा भारती) की ओर से आगामी 21 मार्च को माछखोवा स्थित आईटीए के सामने लाचितघाट में गणगौर विसर्जन मेले का विराट आयोजन किया जाएगा। अध्यक्ष संजय मोर ने बताया कि इस आयोजन में करीब दो दर्जन संस्थाएं श्री गणगौर तीज महोत्सव समिति से जुड़ कर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान केरगी। सचिव मनमोहन सिकरिया ने बताया कि इस अवसर पर कई प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की ओर से निःशुल्क सेवाएं भी दी जाएंगी। कार्यक्रम संयोजक विवेक सांगानेरिया ने बताया कि  मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा की ओर से जोड़ी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ईशर-गोरा, ननद-भोजाई, देवराणी-जेठाणी, सास-बहू आदि की जोड़ी हिस्सा ले सकती है। वहीं मारवाड़ी महिला एकता मंच की ओर से सोलाह श्रृंगार प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मारवाड़ी युवा मंच की कामाख्या शाखा की ओर से गणगौर सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में हाथ से सजाई गई गणगौर को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके पीछे संस्था का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राजस्थानी संस्कृति एवं परंपरा से जोड़े रखना है।

इधर नव्या लेडीज क्लब की ओर से मोटी सेठाणी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसे दो वर्गों में बांटा गया है। पहले वर्ग में 50 से 65 वर्ष तथा 65 से 80 वर्ष की महिलाएं सज-धज कर हिस्सा ले सकती है। वहीं अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की गुवाहाटी इकाई द्वारा नन्हीं बाईसा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसे तीन वर्गों में बांटा गया है। पहले वर्ग में नवजात से 3 वर्ष, दूसरे वर्ग में 3 से 6 वर्ष तथा तीसरे वर्ग में 6 से 9 वर्ष की आयु वाली बेटियां हिस्सा ले सकती है। इसके अलावा राष्ट्रीय सामाजिक विकास समिति की ओर से ‘पेचा (साफा) बांधने’ प्रतियोगिता तथा ‘गणगौर के पांच गीत’ गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर 2 बजे से 4.30 बजे तक ही किया जाएगा। उपरोक्त दी गई सभी प्रतियोगिता में निर्णायक मंडली द्वारा चयनीत विजेताओं को आयोजक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

इसके अलावा मेले के दौरान विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजन स्थल पर कई तरह की सेवाएं दी जाएंगी। इनमें श्रीश्री भीमाशंकर सेवा समिति बेलतला, मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा, चेतना लेडीज क्लब, श्री राणी सती सत्संग समिति एवं श्री राणी सतीजी महिला समिति, श्री ढांढण शक्ति महिला समिति, श्री छाजल अमरी शक्ति समिति, आसाम बैद्यनाथ कांवरिया सेवा समिति (असम धर्मशाला), लक्ष्मणगढ़ नागरिक परिषद महिला प्रकोष्ठ, श्रीराम उत्सव सेवक गण, माहेश्वरी सभा गुवाहाटी-महिला समिति एवं युवा संगठन, अग्रवाल महिला समिति आदि संगठन शामिल हैं। समिति के कोषाध्यक्ष आदर्श शर्मा (बाबली) ने बताया कि गणगौर विसर्जन मेले का आयोजन दोपहर 1.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच किया जाएगा। निवर्तमान अध्यक्ष विशाल भातरा ने बताया कि गणगौर मूर्तियों को आयोजन स्थल से महाबाहू ब्रह्मपुत्र में विसर्जन करने हेतु समिति की ओर से कार्यकर्ताओं के माध्यम से विशेष व्यवस्था की गई है। पूर्व अध्यक्ष निर्मल शर्मा (कालू) ने सभी माताओं एवं बहनों से समय पर पहुंच कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया है। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्य जुटे हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें