गुवाहाटी, मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा का 16वां शपथ ग्रहण एवं पद हस्तांतरण समारोह स्थानीय होटल ऑर्नेट में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सत्र 2025–26 के सफल समापन के साथ नए सत्र 2026–27 का आधिकारिक शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कामरूप (मेट्रो) के जिला आयुक्त स्वप्निल पॉल, विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय महासचिव मोहित नाहटा, तथा मुख्य वक्ता के रूप में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच के निवर्तमान अध्यक्ष पंकज जालान और कोषाध्यक्ष मितेश सुराना उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक शुभांरभ और वार्षिक उपलब्धियाँ कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और असमिया जातीय संगीत के साथ हुआ। निवर्तमान अध्यक्ष देवेश मूंदड़ा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें पारंपरिक फूलाम गमोछा और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सचिव प्रभात हरलालका ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर किए गए सेवा कार्यों का विवरण दिया। इस अवसर पर देवेश मूंदड़ा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों को 'प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड्स' से सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
अतिथियों के विचार मुख्य अतिथि श्री स्वप्निल पॉल ने कहा कि, "सामाजिक संगठनों और प्रशासन का लक्ष्य एक ही है जनकल्याण। मारवाड़ी युवा मंच द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय है और जिला प्रशासन मंच को हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर है।" मुख्य वक्ता पंकज जालान ने कहा कि मंच की शाखाएं सेना की रेजीमेंट की तरह सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। राष्ट्रीय महासचिव मोहित नाहटा ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
पद हस्तांतरण और नया संकल्प कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पद हस्तांतरण रहा। निवर्तमान अध्यक्ष देवेश मूंदड़ा ने जिला आयुक्त की उपस्थिति में नवनियुक्त अध्यक्ष शिव कुमार मोर को पद की शपथ दिलाई। इसके पश्चात, अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने अपनी नई कार्यकारिणी टीम को शपथ दिलाई।अपने उद्घाटन भाषण में शिव कुमार मोर ने आगामी कार्यकाल के लिए अपनी योजनाओं की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी सदस्यों से सेवा कार्यों में पूर्ण सहयोग का आह्वान किया।
समापन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान किया। अंत में नवनियुक्त सचिव सचिन गोयल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह जानकारी शाखा के मीडिया प्रभारी प्रतीक अग्रवाल दी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें