मारवाड़ी हॉस्पिटल ने 110वीं सालगिरह की अवसर पर निशुल्क ओपीडी जांच शिवीर लगाया - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मारवाड़ी हॉस्पिटल ने 110वीं सालगिरह की अवसर पर निशुल्क ओपीडी जांच शिवीर लगाया



गुवाहाटी, शहर के प्रतिष्ठित मारवाड़ी हॉस्पिटल्स ने अपनी 110वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को निःशुल्क ओपीडी जांच शिविर एवं विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने सेवा और समर्पण की भावना के साथ पूरे दिन विविध कार्यक्रम आयोजित किए।


कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल एवं ‘जल्द स्वस्थ हों’ संदेश वाले कार्ड वितरण के साथ हुई। अस्पताल के अध्यक्ष शरत कुमार जैन तथा सचिव किशोर साबू ने मरीजों को फल वितरित कर उनका कुशलक्षेम जाना।


इसके उपरांत अस्पताल की 110वीं वर्षगांठ के प्रतीक चिन्ह का औपचारिक अनावरण एवं बैज पिनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्ष शरत कुमार जैन ने सम्मानपूर्वक वर्षगांठ का लोगो पिन देकर समारोह की औपचारिक शुरुआत की। समारोह में उपस्थित अस्पताल के सभी कर्मचारियों का वर्षगांठ बैज प्रदान कर स्वागत किया गया।


अस्पताल प्रशासन की ओर से वर्षगांठ के अवसर पर मरीजों एवं आम नागरिकों के लिए विशेष सुविधा भी प्रदान की गई। शनिवार को दोपहर 2 बजे तक सभी बाह्य रोगी विभाग सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क रहीं, जिसमें निःशुल्क पंजीकरण एवं चिकित्सकीय परामर्श शामिल था। इसके साथ ही सभी रेडियोलॉजी एवं प्रयोगशाला जांचों पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट दी गई। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि अस्पताल राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त आधुनिक स्वास्थ्य संस्थान है, जहां अत्याधुनिक प्रयोगशाला एवं रेडियोलॉजी सुविधाएं उपलब्ध हैं।


इसी क्रम में विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के पूर्व आयोजन के तहत अस्पताल में निःशुल्क रक्तचाप एवं शुगर जांच शिविर भी लगाया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया और स्वास्थ्य परीक्षण कराया।


दिनभर चले इन सेवा कार्यक्रमों के दौरान अस्पताल परिसर में विशेष उत्साह का वातावरण बना रहा। अस्पताल प्रबंधन एवं कर्मचारियों की इस जनहितकारी पहल की मरीजों एवं नागरिकों ने सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें