गुवाहाटी, मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा द्वारा समाज सेवा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बीरुबाड़ी स्थित प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रांगण में पेयजल सुविधा प्रकल्प 'अमृत धारा' का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह कार्य सागरमल लुंकड़, श्रीमती चंचल देवी लुंकड़ एवं पुखराज लुंकड़ परिवार के विशेष सौजन्य से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में शाखा के अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान में स्वच्छ पेयजल की सुविधा का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 'अमृत धारा' के माध्यम से प्रतिदिन अस्पताल आने वाले सैकड़ों मरीजों, उनके परिजनों और चिकित्सा स्टाफ को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा, जो कि एक बड़ी राहत है।
कार्यक्रम का सफल संचालन शाखा के सचिव सचिन गोयल द्वारा किया गया। इस अवसर पर जन कल्याण में योगदान देने के लिए सागरमल लुंकड़ का विशेष सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। साथ ही, श्रीमती चंचल देवी लुंकड़, प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य प्रो. बी. के. बैश्य और अधीक्षक प्रो. पूर्णिमा बरुवा का भी मंच द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. बी. के. बैश्य, अधीक्षक प्रो. पूर्णिमा बरुवा एवं प्रांतीय कोषाध्यक्ष मितेश सुराना ने अपने संबोधन में मंच की इस सेवा भावना की मुक्त कंठ से सराहना की। शाखा के संस्थापक अध्यक्ष रितेश खटेड़ ने लुंकड़ परिवार का परिचय दिया। इसके पश्चात पुखराज लुंकड़ एवं सागरमल लुंकड़ ने भी अपने प्रेरणादायी विचार साझा किए। शाखा कोषाध्यक्ष अरविन्द खेमका ने बताया कि कार्यक्रम में शाखा पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सेठिया एवं हितेश चोपड़ा भी मौजूद रहे। रवि गोयल का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रभात हरलालका ने सभी अतिथियों और सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी शाखा के जन संपर्क अधिकारी प्रतीक अग्रवाल ने दी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें