खारघुली भक्ति कुटीर में राधा-कृष्ण नौका विहार का भव्य आयोजन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

खारघुली भक्ति कुटीर में राधा-कृष्ण नौका विहार का भव्य आयोजन



गुवाहाटी, खारघुली स्थित ब्रह्मपुत्र तट के ऊपर अवस्थित भक्ति कुटीर राधा गोविंद मंदिर में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में राधा-गोविंद का भव्य नौका विहार कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में डेढ़ हजार से अधिक कृष्ण भक्तों ने भाग लेकर श्रीकृष्ण धुन एवं कीर्तन के साथ नौका विहार का दर्शन किया।


कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में स्थित स्थायी तलैया को पुष्पों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। वहीं नौका को मयूर आकृति प्रदान कर विभिन्न रंग-बिरंगे फूलों से अलंकृत किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। भक्तों ने अपने हाथों से नौका को लहराते हुए चलायमान किया और राधा-गोविंद के नौका विहार का आनंद लिया।


नौका विहार के समय पूरा मंदिर परिसर कृष्ण भक्ति से सराबोर हो उठा। श्रद्धालु श्रीकृष्ण धुन पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। वातावरण भक्तिमय कीर्तन से गूंजता रहा। कार्यक्रम के उपरांत सभी भक्तों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई।


गौरतलब है कि ग्रीष्म ऋतु में वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर सहित देश के अनेक कृष्ण मंदिरों में नौका विहार की परंपरा निभाई जाती है। इस वर्ष पुरुषोत्तम मास का संयोग ग्रीष्म ऋतु में होने से इस आयोजन का धार्मिक महत्व और बढ़ गया।


उल्लेखनीय है कि खारघुली स्थित भक्ति कुटीर राधा गोविंद मंदिर कई वर्षों से कृष्ण भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मंदिर में प्रतिवर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का शास्त्रोक्त अभिषेक श्रद्धालुओं के हाथों से कराया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त भाग लेते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें