लखीमपुर में महंगाई के खिलाफ आंसू का जोरदार प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ गूंजी नारेबाजी - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लखीमपुर में महंगाई के खिलाफ आंसू का जोरदार प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ गूंजी नारेबाजी





बढ़ती मूल्य वृद्धि पर जताया आक्रोश, ठोस कदम नहीं उठाने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी


लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की रिपोर्ट 


लखीमपुर, बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की लगातार आसमान छूती कीमतों के खिलाफ शुक्रवार को लखीमपुर में अखिल असम छात्र संस्था (आंसू) के आह्वान पर जिला एवं आंचलिक छात्र संस्था ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया। शहर में निकाली गई विरोध रैली के दौरान सरकार विरोधी गगनभेदी नारों से माहौल पूरी तरह आंदोलनमय बन गया। लखीमपुर के त्याग क्षेत्र से प्रारंभ हुई यह विरोध रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आगे बढ़ी, जहां कार्यकर्ताओं ने “असम सरकार हाय-हाय”, “असम सरकार गो बैक”, “असम सरकार होशियार” तथा महंगाई पर नियंत्रण की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने हाथों में छात्र संस्था का झंडा थाम कर बैनर, पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ गगनभेदी नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान आंसू कार्यकर्ताओं ने खाद्य सामग्री, दाल, खाद्य तेल, सब्जियां, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस तथा जीवनरक्षक दवाइयों समेत आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर राज्य एवं केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बेलगाम महंगाई ने आम जनता, विशेषकर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उनका कहना था कि रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है और घरेलू बजट पूरी तरह चरमरा गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि “एक ओर आम लोगों की आय सीमित है, वहीं दूसरी ओर महंगाई बेलगाम घोड़े की तरह दौड़ रही है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।” उनका आरोप था कि सरकार मूल्य वृद्धि पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। आंसू नेताओं ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि यदि शीघ्र ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन आने वाले दिनों में जिला से राज्य स्तर तक और भी व्यापक एवं तीव्र जनआंदोलन छेड़ने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस विरोध प्रदर्शन में आसू के केंद्रीय सहकारी साधारण संपादक सीमांतो नेउग, लखीमपुर जिला समिति के अध्यक्ष खीरूद बोरा, आंचलिक समिति के अध्यक्ष पूनमज्योति बुरागुहाई, जिला साधारण संपादक पिंकू बोरदोलोई सहित बड़ी संख्या में छात्र संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें