बंगाईगांव: विप्र फाउंडेशन (मारवाड़ी ब्राह्मण समाज), बंगाईगांव द्वारा भगवान श्री परशुराम जयंती के पावन अवसर पर रविवार को मारवाड़ी युवा मंच भवन में भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “भगवान श्री परशुराम शौर्य गाथा” विषयक एक विशेष प्रवचन के आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत आमंत्रित अतिथियों द्वारा भगवान श्री परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत मुख्य वक्ता आचार्य पं॰ विष्णु प्रसाद उपाध्याय ने भगवान परशुराम के जीवन, उनके अद्वितीय पराक्रम, धर्म के प्रति उनकी अटूट निष्ठा तथा समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला।उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज को सत्य, साहस और संस्कारों के मार्ग पर चलना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने आचार्य के विचारों को अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना और उनके संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और “जय श्री परशुराम” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस आयोजन में मारवाड़ी समाज की विभिन्न प्रमुख संस्थाओं के शीर्ष पदाधिकारियों/प्रतिनिधियों के साथ-साथ मारवाड़ी समाज के अनेक गणमान्य एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशेष रूप से बरपेटा से पधारे श्रीधर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में एवं समाजसेवी भेरू शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। बंगाईगांव की नवनिर्वाचित विधायिका श्रीमती दीप्तिमय चौधुरी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर भगवान परशुराम से आशीर्वाद ग्रहण किया। आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का स्थानीय पारंपरिक फूलोम गोमछा से स्वागत एवं सम्मान किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योगदान के लिए समाज के कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें रामोतार पारिक को संस्थापक सचिव के तौर पर समाज को नेतृत्व करने हेतु, सज्जन शर्मा एवं नरेन्द्र शर्मा को राजनीति क्षेत्र में उपलब्धि हेतु, आचार्य पं॰ विष्णु उपाध्याय को शास्त्र के ज्ञाता के तौर पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसाद (प्रीति भोज) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। इस सामूहिक भोज ने आपसी सौहार्द, एकता और सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दिया। विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और महान विभूतियों के आदर्शों से जोड़ना है। उन्होंने आगे भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की। ज्ञात हो कि विप्र फाउंडेशन ने आराध्य देव भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से गत 19 अप्रैल को बीओसी गेट स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया था।
कुल मिलाकर यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का उत्कृष्ट उदाहरण बना, जिसने उपस्थित सभी लोगों के हृदय में भगवान परशुराम के प्रति आस्था और सम्मान को और अधिक सुदृढ़ किया।
विप्र फाउंडेशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा महासचिव क्रमशः नटवरलाल शर्मा, बरम प्रकाश शर्मा एवं सुनील कुमार शर्मा ने इस कार्यक्रम को सफल करने के लिए समाज के सभी सदस्यों को हार्दिक धन्यवाद दिया तथा समारोह में उपस्थित होने के लिए बंगाईगांव मारवाड़ी समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों का गरिमापूर्ण उपस्थिति के लिए आभार प्रकट किया। समारोह में उपस्थित बहत्तर बंगाईगांव मारवाड़ी समाज के उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने ऐसे सौहार्दपूर्ण कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए विप्र फाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों की प्रशंसा करते हुए हृदयता से नमन किया। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव नीरज शर्मा ने किया।












कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें