गुवाहाटी, असम प्रदेश तैलिक साहू महासभा द्वारा गुवाहाटी में एक ऐतिहासिक राष्ट्रीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भारत सहित नेपाल, भूटान, श्रीलंका और मॉरिशस से आए लगभग 80 पदाधिकारियों एवं राजनेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन गुवाहाटी के डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी ऑडिटोरियम, पीडब्ल्यूडी कन्वेंशन सेंटर ऑडिटोरियम एवं गणेशगुड़ी स्थित कल्याण भवन में किया गया। यह आयोजन पूर्वोत्तर भारत में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर संपन्न हुआ।
महासभा के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश कमलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा तेली समाज की देश की सबसे पुरानी एवं प्रभावशाली सामाजिक संस्था है। संस्था के गठन का प्रयास वर्ष 1909 में पटना के बाढ़ में हुआ था तथा पहला अधिवेशन वर्ष 1912 में वाराणसी में आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री इंजीनियर जयदत्त क्षीरसागर हैं, जबकि राष्ट्रीय महासचिव रामलाल गुप्ता एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार साहू हैं। असम प्रदेश इकाई में विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, विधायक डॉ. विजय कुमार गुप्ता, सत्यनारायण साहू, उमेश कुमार साह एवं मुन्ना कुमार साहू सहित कई पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षों से इस समाज के अनेक विद्वानों, राजनेताओं, समाजसेवियों और स्वतंत्रता सेनानियों ने समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। देशभर में तेली समाज द्वारा धर्मशालाएं, अस्पताल, छात्रावास एवं अन्य जनसेवा संस्थान संचालित किए जा रहे हैं, जिनका लाभ सभी वर्गों के लोग उठाते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के लोगों को भी आमंत्रित किया गया था। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, मंत्री पीयूष हजारिका एवं मंत्री बिमल बोरा ने आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
महासभा के अध्यक्ष कमलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि संस्था समाजहित के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महासभा “सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महासभा का अगला राष्ट्रीय आयोजन मध्यप्रदेश के जबलपुर में आयोजित किया जाएगा।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें