तेजस्विता महिला अधिवेशन के आयोजन को लेकर मारवाड़ी सम्मेलन की बैठक आयोजित - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

तेजस्विता महिला अधिवेशन के आयोजन को लेकर मारवाड़ी सम्मेलन की बैठक आयोजित



गुवाहाटी, पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा आगामी 8 एवं 9 अगस्त 2026 शनिवार एवं रविवार को पहली बार नारी सशक्तिकरण विषय पर महिलाओं हेतु द्विदिवसीय “तेजस्विता” अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। यह अधिवेशन गुवाहाटी स्थित आसाम माहेश्वरी भवन, छत्रीबाड़ी में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा के आतिथ्य में संपन्न होगा।


इसी संदर्भ में आयोजन की तैयारियों को लेकर आतिथ्य शाखा, मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा द्वारा परशुराम सेवा सदन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गुवाहाटी की विभिन्न शाखाओं के शीर्ष पदाधिकारियों एवं प्रांतीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में अधिवेशन की रूपरेखा तय की गई। साथ ही कार्यकर्ता सहयोग एवं आर्थिक सहयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के उपरांत प्रांत की ओर से इस प्रथम महिला अधिवेशन के सफल आयोजन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।बैठक में आसाम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट द्वारा माहेश्वरी भवन निशुल्क उपलब्ध कराने पर संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अधिवेशन के दौरान गुवाहाटी महिला शाखा द्वारा मारवाड़ी रीति-रिवाजों पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त देश-विदेश से प्रेरक वक्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम, मायड़ भाषा में महिला कवयित्रियों का कवि सम्मेलन तथा विभिन्न वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध महिलाओं का सम्मान समारोह भी अधिवेशन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

पूर्वोत्तर क्षेत्र की 22 महिला शाखाओं एवं मिश्रित सदस्यता वाली अन्य शाखाओं से लगभग 250 से 300 महिलाओं की सहभागिता का अनुमान है। सभी व्यवस्थाएं पूर्व पंजीकरण के आधार पर सुनिश्चित की जाएंगी। गुवाहाटी शाखा द्वारा प्रतिनिधियों को किट उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं कामरूप शाखा, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा, गुवाहाटी मेट्रो शाखा एवं आतिथ्य शाखा गुवाहाटी महिला शाखा द्वारा सभी प्रतिनिधियों को मेखला-चादर भेंट किए जाने की घोषणा की गई।

बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक, मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, प्रांतीय संयोजक प्रदीप भुवालका, प्रांतीय संयोजक (नारी सशक्तिकरण) एवं गुवाहाटी महिला शाखा अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं महिला शाखा सलाहकार श्रीमती सरला काबरा, श्रीमती सरोज मित्तल, गुवाहाटी शाखा अध्यक्ष शंकर बिड़ला, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा अध्यक्ष दीपक पोद्दार, गुवाहाटी मेट्रो शाखा अध्यक्ष अमित कंसल, सचिव नवीन हरलालका, कामरूप शाखा सहमंत्री विनोद शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुरेश अग्रवाल, गुवाहाटी महिला शाखा सचिव श्रीमती मंजू भंसाली, कोषाध्यक्ष श्रीमती शांति कुंडलिया एवं श्रीमती रश्मि जैन सहित अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें