रमेश मुंदड़ा
होजाई: स्थानीय अजमल लॉ कॉलेज (संचालित: अजमल फाउंडेशन) ने हाजोई को देश के कानून और शिक्षा क्षेत्र के मानचित्र पर एक नई पहचान दी है। 29 और 30 अगस्त को आयोजित कॉलेज की 'पहली राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता' न केवल एक ऐतिहासिक आयोजन साबित हुई, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक गौरवपूर्ण पल भी रही। दो दिनों तक चली इस राष्ट्रीय स्तर की कानूनी बहस प्रतियोगिता में देश के 16 अलग-अलग राज्यों से आई कुल 40 टीमों ने अपने शोध, तर्क-वितर्क और अदालत में प्रभावी दलीलों का लोहा मनवाया।
कड़े मुकाबलों के बाद गुवाहाटी के जे.बी. लॉ कॉलेज ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और 1 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि अपने नाम की, जबकि यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज ने दूसरा स्थान प्राप्त कर 75,000 रुपये का पुरस्कार जीता। व्यक्तिगत श्रेणियों में अगस्त्या कश्यप को 'बेस्ट स्पीकर' चुना गया और उन्हें 30,000 रुपये से सम्मानित किया गया, वहीं 'बेस्ट मेमोरियल' और 'बेस्ट रिसर्चर' श्रेणी के विजेताओं को भी 20-20 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
इस ऐतिहासिक आयोजन में देश और राज्य की प्रमुख न्यायिक हस्तियों की गरिमामयी मौजूदगी रही। उद्घाटन समारोह में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, असम के कुलपति प्रो. डॉ. के. वी. एस. शर्मा और अजमल फाउंडेशन के ट्रस्टी अब्दुर रहमान अजमल शामिल हुए। वहीं समापन समारोह में गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति कल्याण राय सुराना, पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अजीत बरठाकुर और अरुणाचल प्रदेश लोकायुक्त के अध्यक्ष प्रशांत कुमार डेका ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में होजाई जिले के सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सहित कई स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अजमल फाउंडेशन के निदेशक डॉ. खसरुल इस्लाम ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि होजाई में इस तरह के राष्ट्रीय आयोजन की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है, जिसने होजाई के शैक्षणिक और विधि क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई ऊंचाई दी है।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें