बंगाईगांव के तुषार अग्रवाल बने इंडिगो में कैप्टन, शहर में खुशी की लहर - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

बंगाईगांव के तुषार अग्रवाल बने इंडिगो में कैप्टन, शहर में खुशी की लहर

 

बंगाईगांव: ​शहर के सुजीत अग्रवाल एवं संजना अग्रवाल के पुत्र तुषार अग्रवाल ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत के बल पर देश की प्रतिष्ठित इंडिगो एयरलाइंस में कैप्टन (पायलट) के पद पर चयन होने के बाद वे अब व्यावसायिक विमानों का सफल संचालन कर रहे हैं। बंगाईगांव के एक युवा की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार गदगद है, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल व्याप्त है।



​तुषार अग्रवाल वर्तमान में इंडिगो की उड़ानों की कमान संभाल रहे हैं। कैप्टन तुषार अग्रवाल ने कहा, "यह मुकाम मेरे स्वर्गीय दादाजी एवं दादीजी के पावन आशीर्वाद और मेरे माता-पिता के अटूट विश्वास का परिणाम है। माता-पिता ने हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन किया और मुझे अपने सपने को जीने का हौसला दिया। उनका त्याग और समर्थन ही मेरी इस उपलब्धि का मुख्य आधार है।"



​तुषार के पिता सुजीत अग्रवाल और माता संजना अग्रवाल ने भी पुत्र की इस कामयाबी पर बेहद खुशी जताई है। परिवारजनों का कहना है कि तुषार का बचपन से ही विमानन क्षेत्र में जाने का सपना था, जिसे उसने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन से सच कर दिखाया। शुभचिंतकों तथा रिश्तेदारों ने बधाई देते हुए तुषार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



​एक कुशल पायलट के रूप में अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए उन्होंने कहा कि व्यावसायिक विमानन में एक पायलट के कंधे पर सैकड़ों यात्रियों की जान की जिम्मेदारी होती है। कैप्टन के रूप में उड़ान भरते समय यात्रियों की सुरक्षा और उनके आरामदायक सफर को सुनिश्चित करना ही उनकी सबसे पहली और सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हर उड़ान के साथ एक नई जिम्मेदारी का अहसास होता है, जिसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे हैं।



​छोटे शहर से निकलकर देश की प्रमुख एयरलाइंस में कैप्टन के पद तक पहुंचने का तुषार का यह सफर असम और पूर्वोत्तर के अन्य युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणा स्रोत बन गया है। 



​कैप्टन तुषार अग्रवाल की इस उपलब्धि ने बंगाईगांव का नाम राष्ट्रीय अस्तर पर रोशन किया है, जिसके लिए श्री अग्रवाल समाज सभा ने इस उपलब्धि के लिए कैप्टन तुसारा अग्रवाल को सम्मानित किया था।








कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें