सेंकी अग्रवाल
गोरेश्वर, राज्य के छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा का मार्ग सुगम बनाने के उद्देश्य से असम सरकार के शिक्षा विभाग के प्रयास से आज पूरे असम में मुख्यमंत्री की 'निजूत मोइना' और 'निजूत बाबू' योजना के आवेदन पत्र वितरण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
गुवाहाटी के पंजाबरी स्थित श्रीमंत शंकरदेव अंतर्राष्ट्रीय प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य केंद्रीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा ने दोनों योजनाओं के आवेदन पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मुख्य कार्यक्रम का पूरे राज्य के शिक्षण संस्थानों में एक साथ वर्चुअल प्रसारण किया गया तथा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में आवेदन पत्र वितरण कार्यक्रम भी शुरू हुआ।
इसके अंतर्गत तामुलपुर जिले के बरनगर स्थित तामुलपुर महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में असम सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वजीत दैमारी, बीटीसी के कार्यकारी सदस्य लक्ष्मी दास, पूर्व पार्षद हेमंत कुमार राभा सहित कई विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित रहे और छात्र-छात्राओं के बीच 'निजूत मोइना' एवं 'निजूत बाबू' योजना के आवेदन पत्र औपचारिक रूप से वितरित किए।
इसी प्रकार तामुलपुर डिग्री कॉलेज में भी इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं जिले के गोरेश्वर महाविद्यालय में गोरेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्टर कुमार दास तथा जिला आयुक्त सिमी करण की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं के बीच इन योजनाओं के आवेदन पत्र वितरित किए गए।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें