गुवाहाटी, असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए विभिन्न सामाजिक संगठन लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा ने मानवीय पहल करते हुए बुधवार को गुवाहाटी प्रेस क्लब को राहत एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री सौंपी, ताकि इसे बाढ़ प्रभावित जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा सके।
संस्था की प्रांतीय अध्यक्ष संतोष शर्मा, मंत्री डिंपल शर्मा, कोषाध्यक्ष शांति कुंडलिया तथा कार्यकारिणी सदस्य रेखा गोयल, ममता शर्मा और सारिका शर्मा की उपस्थिति में राहत सामग्री प्रेस क्लब को सौंपी गई। राहत सामग्री में 50 टोपियां, 50 चाय बनाने के बर्तन, 50 चाय के गिलास, 50 स्टील की थालियां, 50 कटोरियां, 50 चम्मच, 50 पानी पीने के गिलास, 50 मेखला-चादर के अलावा बाल्टियां, टी-शर्ट, टॉर्च, चावल तथा अन्य आवश्यक सामग्री शामिल रही।
इस अवसर पर गुवाहाटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष खगेन कलिता ने भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में समाज के विभिन्न वर्गों का आगे आकर सहयोग करना अत्यंत प्रेरणादायक है और इससे राहत कार्यों को गति मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष खगेन कलिता ने संस्था की प्रांतीय अध्यक्ष संतोष शर्मा को फुलाम गामोछा पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा की ओर से प्रेस क्लब के अध्यक्ष सहित उपस्थित पत्रकारों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गुवाहाटी प्रेस क्लब एवं भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा ने राहत कार्यों में समन्वय स्थापित करने वाले वरिष्ठ पत्रकार विवेक सांगानेरिया के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
प्रांतीय अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की पीड़ा को देखते हुए संगठन लगातार राहत एवं सेवा कार्यों में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक अधिक से अधिक सहायता पहुंचाने के लिए भविष्य में भी संगठन का सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें