रमेश मुंदड़ा
होजाई: रवीन्द्रनाथ ठाकुर विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग द्वारा आर. टी. वी. छात्र एकता सभा के सौजन्य से 08 सितंबर से 14 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले 'हिन्दी सप्ताह' का आज भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलसचिव (Registrar) डॉ. संदीप रत्न ने दीप प्रज्वलित कर की।
इस अवसर पर संकाय प्रमुख प्रो. संजय डे, छात्र कल्याण अधिष्ठाता (DSW) डॉ. सत्यजीत कुमार, डॉ. अक्षय ज्योति शर्मा, डॉ. दीजामनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिन्दी विभाग के शिक्षक डॉ. संतोष गुप्ता, डॉ. प्रांजल कुमार नाथ, करण दास तथा पूजा कुमारी सरोज का विशेष सहयोग रहा। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन विभाग की छात्रा पूजा शर्मा ने अत्यंत आकर्षक एवं प्रभावी ढंग से किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कार्यक्रम संयोजक डॉ. नागेश्वर यादव ने हिन्दी सप्ताह के आयोजन के उद्देश्यों को रेखांकित किया और सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
संबोधन क्रम में:
कुलसचिव डॉ. संदीप रत्न ने अपने वक्तव्य में कहा कि हिन्दी केवल अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और तकनीकी युग में निरंतर सशक्त होती भाषा है।
संकाय प्रमुख प्रो. संजय डे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के भीतर रचनात्मकता और भाषाई अभिरुचि का सुंदर विकास होता है।
DSW डॉ. सत्यजीत कुमार ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भाषा हमें अपनी जड़ों से जोड़ती है और इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में सहायक सिद्ध होती हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार स्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दी साहित्य और तकनीक का यह संगम युवाओं में नए विचार एवं भाषाई चेतना जगाने का सशक्त प्रयास है।
संपूर्ण कार्यक्रम विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार स्वामी के मार्गदर्शन तथा सह-संयोजक डॉ. प्रांजल कुमार नाथ एवं विभागीय सहयोगियों के समन्वय से संपन्न हो रहा है।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें