नाम-कीर्तन से भक्तिमय हुआ क्षेत्र, पूव टोपाकुची में 150 वर्ष पुरानी परंपरा का हुआ निर्वहन
सोयल खेतान, रोहा।
महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की तिरोभाव तिथि के अवसर पर रोहा के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धापूर्वक तिथि पालन किया गया। इस दौरान विभिन्न सत्र एवं नामघरों में नाम-कीर्तन का आयोजन किया गया, वहीं पूव टोपाकुची में नृसिंह यात्रा भावना का मंचन किया गया।
महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की तिरोभाव तिथि के उपलक्ष्य में राज्य के विभिन्न सत्र एवं नामघरों में नाम-कीर्तन आयोजित किए गए। इसी क्रम में रोहा के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित सत्रों और नामघरों के साथ-साथ सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों तथा महाविद्यालयों में भी नाम-कीर्तन का आयोजन हुआ। हरिनाम कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया गया।
दूसरी ओर, रोहा के पूव टोपाकुची बुढ़ा नामघर प्रांगण में 150 वर्ष पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए उद्यापन समिति एवं स्थानीय जनता के सहयोग से नृसिंह यात्रा भावना का मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों पुरुष, महिलाएं, युवक-युवतियां एवं बच्चे उपस्थित रहे और श्रद्धापूर्वक भावना का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्ति एवं आध्यात्मिक उत्साह से ओत-प्रोत रहा।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें