टियोक से बिजू तुनवाल
टियोक। टियोक के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय गणेश उत्सव बुधवार को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में विधिवत संपन्न हुआ। टियोक गणेश पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस सामूहिक आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं, समाज के लोगों, युवाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाने में भरपूर सहयोग दिया।
तीन दिनों तक भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती, भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्सव के दौरान आयोजित ‘एक शाम गणपति के नाम’ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर स्थानीय नन्हे कलाकारों ने गणपति बप्पा सहित विभिन्न देवी-देवताओं को समर्पित भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नन्हे कलाकारों ने ‘गणपति आयो’ और ‘गजानन विराजे’ सहित भगवान गणेश के विभिन्न भजनों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा भवानी माता, भगवान शिव, हनुमान जी, श्याम बाबा एवं रामदेव बाबा को समर्पित भजन भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का समापन ‘राम-राम’ के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इस अवसर पर हर्ष शर्मा, मोहित करनानी, दिपेश मुंडा एवं अभिषेक करनानी ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
उत्सव के दौरान समाज के अनेक लोग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और आयोजन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। इनमें कामाख्या लाल चांडक, संजीव शर्मा, राम अवतार बिहानी, पवन शर्मा, जगदीश प्रसाद शर्मा, राजगोपाल बिहानी, राजकुमार जैन, जगदीश भट्टा, राम सोमानी, मनोहर लाल मुंद्रा तथा महिला समिति की अध्यक्ष संपत बिहानी सहित कई लोग शामिल रहे। समिति की ओर से सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बुधवार को आयोजन के अंतिम दिन शाम करीब 4 बजे गणपति बप्पा की विधिवत पूजा एवं हवन किया गया। इसके बाद शांति जल का छिड़काव तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। शाम करीब 4:30 बजे गणपति बप्पा की प्रतिमा को शोभायात्रा के साथ टियोक नदी घाट ले जाया गया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ गणपति बप्पा के जयकारे लगाए। इसके बाद टियोक नदी घाट पर विधिवत रूप से गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में टियोक गणेश पूजा समिति, राधा-कृष्ण मंदिर, मारवाड़ी सम्मेलन टियोक शाखा तथा मारवाड़ी महिला समिति टियोक शाखा का सहयोग रहा। समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
गणेश पूजा समिति की ओर से बिजू कुमार तुनवाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं, बच्चों, नन्हे कलाकारों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टियोक के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में पिछले 13 वर्षों से लगातार गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी टियोकवासियों एवं समाज के सभी लोगों के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज के लोगों को एकजुट करने और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सभी के सहयोग से गणेश पूजा का आयोजन जारी रखने की अपील की।
उद्यम समिति की ओर से भी आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। समिति ने कहा कि टियोकवासियों के सामूहिक सहयोग से तीन दिवसीय गणेश उत्सव शांतिपूर्ण, भक्तिमय एवं सफल वातावरण में संपन्न हुआ।











कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें