स्वर्गीय जुबिन दा की प्रथम पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

स्वर्गीय जुबिन दा की प्रथम पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि



गीत-संगीत प्रतियोगिता में 250 विद्यार्थियों ने सुरों के माध्यम से दी श्रद्धांजलि


गुवाहाटी। असम के लोकप्रिय गायक एवं संगीत जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले स्वर्गीय जुबिन गर्ग ‘जुबिन दा’ की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा की ओर से एलओजी स्कूल में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं गीत-संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में श्रद्धा, संवेदना और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा की अध्यक्ष संतोष शर्मा के नेतृत्व में स्वर्गीय जुबिन दा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दिवंगत कलाकार को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके संगीत योगदान को स्मरण किया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए गीत-संगीत प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लगभग 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने जुबिन दा द्वारा गाए गए लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां देकर अपने प्रिय कलाकार को सुरों के माध्यम से भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उनकी प्रस्तुतियों में जुबिन दा के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका संदीप चमड़िया ने निभाई। कार्यक्रम में विद्यालय की शुभा क्याल, प्राचार्य विद्यानाथ झा तथा अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के संयुक्त मंत्री पंकज जालान की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का संचालन निकिता सांकला, ज्योति शर्मा, प्रज्ञा माया शर्मा एवं राजश्री कुचेरिया ने किया। महिला शाखा की उपाध्यक्ष रेखा गोयल, रश्मि जैन सहित कार्यकारिणी एवं साधारण सदस्यों अलका अग्रवाल, अंजू खंडेलिया, लिजी कुंडलिया, कौशल्या व्यास, सरोज बी. जालान एवं सत्या भात्रा की सक्रिय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान महिला शाखा की ओर से मानव सेवा की भावना के तहत सभी विद्यार्थियों के बीच खाने-पीने की सामग्री, चॉकलेट, जूस, बिस्कुट आदि का वितरण भी किया गया। इस सेवा गतिविधि के माध्यम से शाखा ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम को सामाजिक सरोकार से भी जोड़ा।

जुबिन दा की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के चेहरों पर अपने प्रिय कलाकार को खोने की संवेदना दिखाई दी, वहीं उनके गीतों को गाते हुए बच्चों में उत्साह और उमंग भी नजर आई। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि कलाकार भौतिक रूप से हमारे बीच न रहे, लेकिन उसकी कला और स्वर पीढ़ियों तक लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं।

मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा की अध्यक्ष संतोष शर्मा, मंत्री मंजू भंसाली एवं कोषाध्यक्ष शांति कुंडलिया ने कहा कि जुबिन दा ने अपने संगीत और मानवीय संवेदनाओं के माध्यम से असम ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके गीतों और आवाज की स्मृतियां सदैव लोगों के बीच जीवित रहेंगी।

कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय जुबिन दा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संगीत, उनकी आवाज और समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता को स्मरण किया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम ने यह भाव मजबूत किया कि संगीत की दुनिया में जुबिन दा का योगदान और उनके गीतों की मधुर स्मृतियां लंबे समय तक लोगों के हृदय में बनी रहेंगी।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें