सिद्धिविनायक के जयकारों से भक्तिमय हुआ क्षेत्र, चापरमुख फ्रेंड्स क्लब ने लगाया 31 किलो बूंदी के लड्डू का भोग
सोयल खेतान, रोहा।
श्रीगणेश चतुर्थी के अवसर पर रोहा और चापरमुख के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धापूर्वक भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना की गई। विघ्नहर्ता श्रीगणेश के जयकारों से समस्त क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता एवं सिद्धिविनायक, शिव-पार्वती पुत्र श्रीगणेश की चतुर्थी रोहा-चापरमुख में धूमधाम एवं श्रद्धापूर्वक मनाई गई। रोहा नतुनचारिआली स्थित हिंदुस्तानी शिव मंदिर परिसर के गणेश मंदिर में प्रातः से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमा के समक्ष धूप-दीप प्रज्वलित कर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान गणपति के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं के बीच खीर का प्रसाद भी वितरित किया गया।
दूसरी ओर, चापरमुख स्टेशन रोड पर फ्रेंड्स क्लब के तत्वावधान में तीन दिवसीय श्रीगणेश चतुर्थी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के प्रथम दिन प्रातः पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भी भगवान श्रीगणेश की पूजा कर आराधना की।
इस अवसर पर चापरमुख फ्रेंड्स क्लब की ओर से विघ्नहर्ता श्रीगणेश को 31 किलो बूंदी के लड्डू का भोग अर्पित किया गया। पुरोहित के वैदिक मंत्रोच्चारण और श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए विघ्नहर्ता के जयकारों से चापरमुख स्टेशन रोड सहित आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें