माहेश्वरी महिला समिति ने धूमधाम से मनाया नंदोत्सव - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

माहेश्वरी महिला समिति ने धूमधाम से मनाया नंदोत्सव

 


कृष्ण भक्ति में सराबोर हुआ माहेश्वरी भवन, प्रतियोगिताओं और झांकी ने मोहा मन


गुवाहाटी, माहेश्वरी सभा गुवाहाटी की महिला माहेश्वरी महिला समिति, गुवाहाटी की ओर से माहेश्वरी भवन में बाल गोपाल का नंदोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पूरे माहौल को गोकुलमय बना दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की बहनों द्वारा महेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद सोनाली बिड़ला ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की भक्तिमय धुनों से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया और उपस्थित महिलाएं भक्ति भाव में सराबोर हो उठीं।


कार्यक्रम का संयोजन संयोजिका पूजा (रिंकू) काबरा एवं मीनाक्षी मिमानी ने किया। समिति की अध्यक्ष वंदना बिहानी ने सभी का स्वागत करते हुए श्रीकृष्ण जन्म एवं नंदोत्सव की शुभकामनाएं दीं।


नंदोत्सव का प्रमुख आकर्षण अनोखी प्रतियोगिता ‘मैं कृष्ण की दीवानी हूं’ रही, जिसमें आठ जोड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने श्रीकृष्ण एवं कृष्ण भक्ति से जुड़े विभिन्न मनमोहक रूपों में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रुचि सोमानी, विदिशा सोमानी एवं मोहक सोमानी ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान प्रीति माहेश्वरी, हर्षिका माहेश्वरी एवं प्रियांस माहेश्वरी तथा तृतीय स्थान विनीता मूंदड़ा एवं रीता डागा ने प्राप्त किया।


इसके साथ ही ‘मटकी सजाओ प्रतियोगिता’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें नौ प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें प्रियंका काबरा ने प्रथम तथा प्रीति माहेश्वरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता की निर्णायक संगीता पोद्दार एवं रश्मि रोशन कंकानी रहीं। दोनों निर्णायकों ने निष्पक्ष एवं सुंदर ढंग से परिणाम घोषित किए।


कार्यक्रम के दौरान समिति की बहनों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद श्रीकृष्ण-वासुदेव की आकर्षक झांकी सजाई गई। ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से माहेश्वरी भवन गूंज उठा। इस दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।


आयोजन में समिति की सचिव निगम तापड़िया, निवर्तमान अध्यक्षा वर्षा सोमानी, पूर्व पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सीता झंवर एवं पूर्वोत्तर महिला संगठन की सचिव तृप्ति बिहानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।


समापन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किया गया। लड्डू गोपाल की मनमोहक झांकी और भव्य आरती ने सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात उपस्थित बहनों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।


आयोजन की विशेष बात यह रही कि अनेक महिलाएं लड्डू गोपाल के साथ यशोदा मैया के मनमोहक रूप में सजकर पहुंचीं। इससे माहेश्वरी भवन में गोकुल धाम जैसा सुंदर और भक्तिमय वातावरण साकार हो उठा।


जनसंपर्क अधिकारी रिंकू काबरा ने बताया कि समाज की बहनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से नंदोत्सव भव्य एवं यादगार बन गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी बहनों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का सुंदर संगम बताया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें