जैन विश्व भारती के निर्विरोध न्यासी निर्वाचित हुए समाजसेवी विजय सिंह डागा - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

जैन विश्व भारती के निर्विरोध न्यासी निर्वाचित हुए समाजसेवी विजय सिंह डागा



पूर्वोत्तर भारत से एकमात्र न्यासी निर्वाचित होने पर समाज में हर्ष


गुवाहाटी। जैन विश्व भारती, लाडनूं, श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्मसंघ की एक विशिष्ट एवं बहुआयामी संस्था है। 126 एकड़ में विस्तृत इसके विशाल परिसर में शिक्षा, चिकित्सा, शोध सहित जनहित से जुड़े विभिन्न उपक्रम संचालित होते हैं। यहां प्रेक्षाध्यान, आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं प्राकृतिक चिकित्सा की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।


इसी संस्था के अंतर्गत जैन विश्व भारती मान्य विश्वविद्यालय का संचालन होता है, जहां एक ही परिसर में एलकेजी से लेकर पीएचडी तक की शिक्षा प्रदान की जाती है। ऐसी प्रतिष्ठित संस्था के न्यासी के रूप में गुवाहाटी के समाजसेवी विजय सिंह डागा निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। विशेष बात यह है कि पूर्वोत्तर भारत से श्री डागा एकमात्र न्यासी निर्वाचित हुए हैं।


जैन विश्व भारती के प्रमुख न्यासी के रूप में राकेश एस. कठोतिया निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा सात न्यासियों तथा पंचमंडल के तीन सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ है। वहीं गौरव जैन मांडोत अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।


न्यासी के रूप में अपने निर्विरोध निर्वाचन को सौभाग्य और गुरु कृपा का परिणाम बताते हुए विजय सिंह डागा ने कहा कि किसी विशिष्ट संस्था का न्यासी बनना अपने आप में बड़ी बात है और यह गुरु कृपा से ही संभव होता है। उन्होंने कहा कि गुरु के विश्वासपात्र लोगों को ही न्यासी के रूप में सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त होता है।


श्री डागा ने कहा, “मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझ पर गुरु कृपा बरसी है। मैं गुरुदेव के चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं कि उन्होंने मुझे इस योग्य समझा। मैं विश्वास दिलाता हूं और आश्वस्त करता हूं कि गुरु कृपा ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करूंगा।”


उन्होंने कहा कि जैन विश्व भारती जैसी प्रतिष्ठित संस्था से जुड़कर सेवा करने का अवसर उनके लिए केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि गुरु कृपा से प्राप्त महत्वपूर्ण सेवा-सौभाग्य है। उन्होंने इस विश्वास को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें