रमेश मुंदड़ा
101 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक को घर जाकर किया सम्मानित
होजाई: असम के माननीय राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने बुधवार को होजाई जिले का दौरा किया। अपने इस एकदिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने जहाँ युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया, वहीं एक शताब्दी पार कर चुके बुजुर्ग के आवास पर जाकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
आठवीं 'नशामुक्त भारत संकल्प पदयात्रा' का नेतृत्व
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने होजाई में आयोजित आठवीं 'नशामुक्त भारत संकल्प पदयात्रा' में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इसके पश्चात उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में आयोजित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों और नागरिकों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और एक स्वस्थ, सुरक्षित तथा नशामुक्त समाज का निर्माण करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस पदयात्रा में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों और जन-प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पदयात्रा में राज्यपाल के साथ सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक शिलादित्य देव, जिला आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे।
101 वर्षीय उपेंद्र विश्वास को घर जाकर किया सम्मानित
समारोह और जागरूकता यात्रा के बाद राज्यपाल उवारीगेडिंग गांव पहुंचे। वहां उन्होंने 101 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिक उपेंद्र विश्वास के निवास स्थान पर जाकर उन्हें सम्मानित किया। राज्यपाल ने उपेंद्र विश्वास को पारंपरिक असमी 'फुलाम गामोछा', 'सेलेंग' (अंगवस्त्र), पुष्पगुच्छ, फल तथा एकमुश्त वित्तीय सहायता का चेक भेंट किया।
सम्मान के बाद राज्यपाल ने उपेंद्र विश्वास के परिजनों तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठकर आत्मीय बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना। राज्यपाल के इस सादगी भरे व्यवहार और बुजुर्गों के प्रति आदर की स्थानीय जनता ने जमकर सराहना की।











कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें