स्वर्गीय बोदूलाल एवं गोवर्धनदास खाखोलिया की प्रतिमाओं का भी हुआ अनावरण
नगांव: जिले के कामपुर शहर स्थित कामपुर राज्यिक चिकित्सालय (बोदूलाल चैरिटेबल अस्पताल) के नवनवीनीकृत ब्लॉक का उद्घाटन बरहामपुर विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक जीतू गोस्वामी के प्रतिनिधि एवं कलियाबर भाजपा अध्यक्ष बाबुल बोरा ने किया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में स्वर्गीय बोदूलाल खाखोलिया एवं स्वर्गीय गोवर्धनदास खाखोलिया की प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि कामपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 1950 में स्वर्गीय गोवर्धनदास खाखोलिया ने अपने पिता स्वर्गीय बोदूलाल खाखोलिया की स्मृति में इस अस्पताल का निर्माण करवाकर इसे जनसेवा के लिए दान किया था। इसके लिए उन्होंने 3 बीघा 3 कठा भूमि भी प्रदान की थी।
अस्पताल के नवनिर्मित ब्लॉक का नवीनीकरण तथा दोनों प्रतिमाओं की स्थापना स्वर्गीय गोवर्धनदास खाखोलिया के पुत्र ओमप्रकाश खाखोलिया एवं पौत्र आशीष खाखोलिया द्वारा करवाया गया।
उद्घाटन समारोह में कामपुर नगर पालिका की अध्यक्ष धरित्री बरुआ, जन आरोग्य समिति कामपुर नगरीया आयुष्मान आरोग्य मंदिर के अध्यक्ष डॉ. सिद्दीकी, समिति के सदस्य बिस्वजीत बोरा, गुणजीत सैकिया सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा राधेश्याम खाखोलिया, बीना देवी खाखोलिया, अर्चना अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, प्रीति खाखोलिया, निखिल खाखोलिया सहित खाखोलिया परिवार के सदस्य भी समारोह में मौजूद रहे।
इस अवसर पर समाजसेवा की दिशा में एक और पहल करते हुए अर्चना अग्रवाल ने अपनी स्वर्गीय माता पार्वती देवी खाखोलिया की स्मृति में अस्पताल को एक वॉटर कूलर भेंट किया।
अस्पताल के नवनवीनीकरण, संस्थापकों की प्रतिमाओं की स्थापना एवं उपयोगी सुविधाओं के सहयोग से जुड़े इस आयोजन में सेवा, स्मृति और सामाजिक दायित्व की भावना देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने अस्पताल की स्थापना एवं जनसेवा से जुड़ी खाखोलिया परिवार की दीर्घकालीन भूमिका को स्मरण करते हुए इस पहल की सराहना की।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें