आपात स्थिति में समय पर सही कदम उठाने की दी जानकारी, 43 निवासी हुए लाभान्वित
गुवाहाटी। आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी कामरूप की ओर से सूर्य वाटिका अपार्टमेंट, गुवाहाटी में ‘प्रोजेक्ट जीवन रक्षा’ के तहत सीपीआर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अजंता फार्मा के विशेषज्ञों की टीम ने प्रतिभागियों को हृदय संबंधी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के महत्व की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने सीपीआर की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाने के साथ-साथ उसका प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया। प्रतिभागियों को बताया गया कि आपात स्थिति में समय पर सही कदम उठाना किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस जागरूकता अभियान से सूर्य वाटिका के कुल 43 निवासी लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में क्लब के चार सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा सेवा गतिविधि के लिए कुल 12 लायंस आवर्स समर्पित किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन नवीन गोयल ने की, जबकि लायन डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। अजंता फार्मा के विशेषज्ञों की टीम ने प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी कामरूप के अध्यक्ष लायन विकास अग्रवाला ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट जीवन रक्षा’ का उद्देश्य आम लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक जानकारी और आत्मविश्वास प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सीपीआर जैसी जीवनरक्षक तकनीक की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सामुदायिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें