मारवाड़ी सम्मेलन मंडल-सी की प्रान्तीय टीम ने किया विभिन्न शाखाओं का दौरा - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मारवाड़ी सम्मेलन मंडल-सी की प्रान्तीय टीम ने किया विभिन्न शाखाओं का दौरा

 


बीजू तुनवाल 


माजुली में नवगठित महिला शाखा का शपथ ग्रहण, सदस्यता विस्तार व प्रान्तीय सभा की तैयारियों का लिया जायजा


टियोक/माजुली. पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के मंडल-सी की प्रान्तीय टीम ने 26 सितम्बर को माजुली सहित ढेकुआखाना, धेमाजी एवं गोगामुख की विभिन्न शाखाओं का दौरा कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। दौरे के दौरान शाखा विस्तार, महिला शाखाओं के गठन, शपथ ग्रहण, आजीवन सदस्यता अभियान तथा आगामी प्रान्तीय सभा की तैयारियों को लेकर सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।


प्रान्तीय अध्यक्ष कैलाश काबरा के नेतृत्व में प्रान्तीय उपाध्यक्ष (मुख्यालय) विनोद लोहिया, प्रान्तीय उपाध्यक्ष छत्तर सिंह गिडिया, मंडलीय उपाध्यक्ष माणिक लाल दम्माणी एवं मंडलीय सहायक सचिव ओम प्रकाश पचार ने लखीमपुर से दौरे की शुरुआत की।


दौरे के क्रम में ढेकुआखाना में स्व. पवन जैन (पुनिया) के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक-संवेदना व्यक्त की गई। प्रान्तीय टीम ने प्रकाश जैन के निवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।


इसके बाद टीम माजुली पहुंची, जहां कमलाबाड़ी स्थित मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी परिसर में शाखा सदस्यों के साथ बैठक हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा आगामी प्रान्तीय सभा की तैयारियों पर चर्चा की गई। इसी अवसर पर माजुली की नवगठित महिला शाखा का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित हुआ। सरिता कोठारी ने अध्यक्ष पद की शपथ ली। उनके साथ उपाध्यक्ष, सचिव, सहायक सचिव, कोषाध्यक्ष, सह-कोषाध्यक्ष, सलाहकार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी संगठन के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नए आजीवन सदस्यों को भी सम्मेलन से जोड़ा गया। समारोह का संचालन ओम प्रकाश पचार ने किया।


प्रान्तीय टीम ने कमलाबाड़ी सत्र में जनार्दन गोस्वामी से भेंट कर आगामी प्रान्तीय सभा की तैयारियों का जायजा लिया। सभागार, अतिथि आवास सहित अन्य व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण किया गया। गोस्वामी ने आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।


इसके बाद टीम ने ढेकुआखाना, धेमाजी एवं गोगामुख शाखाओं का भी दौरा किया। ढेकुआखाना में शपथ ग्रहण एवं सदस्यता विस्तार कार्यक्रम हुआ, जबकि धेमाजी में शाखा सदस्यों से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। गोगामुख में बैठक एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान शाखा विस्तार, महिला शाखाओं के गठन, सदस्यता अभियान तथा सामाजिक गतिविधियों को मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ।


प्रान्तीय अध्यक्ष कैलाश काबरा ने सदस्यों से सम्मेलन से सक्रिय रूप से जुड़े रहने तथा स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्रान्तीय टीम तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए शाखाओं तक प्रत्यक्ष पहुंच, सदस्यों से निरंतर संवाद और नए सदस्यों को संगठन से जोड़ना आवश्यक है।


पूरे दौरे के दौरान मंडलीय सहायक सचिव ओम प्रकाश पचार ने विभिन्न बैठकों एवं कार्यक्रमों का संचालन किया। उपस्थित सदस्यों ने प्रान्तीय टीम के इस प्रत्यक्ष संपर्क अभियान को संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता लाने वाला बताया ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें