सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में हुआ दाह संस्कार
बंगाईगांव: बंगाईगांव के प्रसिद्ध उद्योगपति और समाजसेवी प्रेमनाथ हरलालका (81) का निधन शुक्रवार को हो गया। दिल का दौरा पड़ने के कारण वे पिछले कुछ दिनों से उपचाराधीन थे। कई चिकित्सा केंद्रों में इलाज के बाद, बीते गुरुवार को उन्हें गुवाहाटी के अपोलो एक्सेल केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान शुक्रवार को सुबह उनका निधन हो गया।
इस प्रतिष्ठित व्यक्तित्व के निधन की खबर से बंगाईगांव के विभिन्न हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रेमनाथ हरलालका बंगाईगांव स्थित विशाल उद्योग 'बंगाईगांव रोलर फ्लोर मिल' के मालिक थे। व्यापार के अलावा वे सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों से भी गहराई से जुड़े हुए थे। बंगाईगांव के अभिभावक समान इस महान व्यक्तित्व का निधन बंगाईगांव के सामाजिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
हरलालका का जन्म 10 अगस्त 1945 को तत्कालीन धुबड़ी जिले के मानकाचर में हुआ था। मानकाचर में ही उनकी स्कूली शिक्षा शुरू हुई थी। बाद में उन्होंने गुवाहाटी कॉमर्स कॉलेज से बी.कॉम की डिग्री हासिल की और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज में भी अध्ययन किया।
वे बंगाईगांव में रोटरी क्लब के संस्थापक (जन्मदाता) थे। मृत्यु तक वे रोटरी क्लब के चार्टर सदस्य बने रहे। रोटरी क्लब के माध्यम से वे नियमित रूप से वित्तीय सहायता प्रदान कर सामाजिक योगदान देते रहे। इसके अलावा, उन्होंने बंगाईगांव के कई सामाजिक संगठनों को भी निरंतर सहयोग दिया। वे भारत विकास परिषद से भी जुड़े हुए थे और अपनी अंतिम सांस तक भारत विकास परिषद की बीरझोरा शाखा के सलाहकार पद पर आसीन रहे। उन्होंने बंगाईगांव के प्रसिद्ध 'बंगाईगांव हायर सेकेंडरी स्कूल (अंग्रेजी माध्यम)' के ट्रस्टी सदस्य के रूप में भी लंबे समय तक सेवाएं दीं।
आज उनके फ्लोर मिल स्थित आवास पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।व्यवसायी एवं समाजसेवी महेश कुमार अग्रवाल द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग उपस्थित हुए।
कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले प्रमुख व्यक्तियों एवं संस्थाओं में — सांसद फणीभूषण चौधरी, विधायिका दीप्तिमयी चौधरी, मारवाड़ी युवा मंच, डॉ. बंकेलाल शर्मा, बी एड कोलेज, श्री अग्रवाल समाज सभा एवं युवा परिषद, मारवाड़ी सम्मेलन, असम गण परिषद, डॉ. सुधा अग्रवाल (अग्रवाला हॉस्पिटल), उत्पल चौधरी, मूलचंद जालान विवाह भवन एवं राम मंदिर, श्री संभवनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट, श्री सालासर हनुमान सेवा समिति चैरिटेबल ट्रस्ट, ग्रेटर बंगाईगांव चैंबर ऑफ कॉमर्स, रोटरी क्लब ऑफ बंगाईगांव, बंगाईगांव हायर सेकेंडरी स्कूल (अंग्रेजी माध्यम), इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बंगाईगांव शाखा, रवींद्र चेतना मंच, प्रगतिशील नव युवक संघ, शिवम कॉलोनी, असम कष्टि विकास संघ, पूर्वोत्तर बिहारी परिषद, जैन श्वेतांबर तेरापंथ सभा (दक्षिण), मेनन स्कूल पूर्व छात्र संघ, जैन श्वेतांबर तेरापंथ सभा,बंगाईगांव, श्री सकल दिगंबर जैन समाज, भारत विकास परिषद, विप्र समाज, बंगाईगांव शाखा साहित्य सभा, स्वागत हॉस्पिटल, पंजाब नेशनल बैंक, बंगाईगाँव बार एसोसिएशन, लायंस क्लब ऑफ बंगाईगांव तथा बांगाईगांव विश्वविद्यालय एल्युमनाई एसोसिएशन शामिल हैं।
वे अपने पीछे पत्नी सरोज देवी हरलालका, एक पुत्र निकुंज हरलालका, एक पुत्री श्रीमती प्रीति चोखानी, पोतों- दोहिता तथा भरपूर परिवार सहित असंख्य प्रशंसकों व शुभचिंतकों को छोड़ गए हैं। उनकी अन्तिम यात्रा निज निवास से प्रारंभ होकर प्लाईवुड इंडिया, बेंगतोल गेट, मेनन स्कूल, पगला स्थान, मायापुरी होते हुए शमशान घाट पहुंची। उनका अंतिम संस्कार बंगाईगांव श्मशान घाट पर शनिवार को संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों की उपस्थित मे पुत्र निकुंज हरलालका ने पिता को मुखाग्नि दी। बंगाईगांव के व्यापारियों ने उनके सम्मान में प्रथम बेला में अपने व्यवसायी प्रतिष्ठान बंद रखकर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी।











कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें