गुवाहाटी: असम के लोकप्रिय गायक एवं कलाकार स्वर्गीय जुबीन गर्ग की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को फैंसी बाजार में दुकानों के खुलने और बंद रहने को लेकर सुबह से ही असमंजस की स्थिति बनी रही। पिछले दो दिनों से व्यापारियों के बीच चर्चा चल रही थी कि पुण्यतिथि के दिन बाजार की दुकानें सामान्य रूप से खुलेंगी अथवा बंद रहेंगी।
इसी ऊहापोह के बीच शनिवार सुबह फैंसी बाजार के अधिकांश व्यापारियों ने अपनी दुकानें खोलीं और रोजाना की तरह कारोबार शुरू किया। हालांकि, दोपहर करीब 12 बजे के बाद एचबी रोड क्षेत्र में अचानक कुछ लोगों का समूह पहुंचा और व्यापारियों से दुकानें बंद करने को कहने लगा। समूह में शामिल कुछ लोग बाजार के अंदर तक भी पहुंचे। स्थिति को देखते हुए कई व्यापारियों ने किसी प्रकार के विवाद से बचने के लिए अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं।
दुकानें बंद होने का असर मुख्य रूप से एचबी रोड क्षेत्र में देखने को मिला, जबकि एमएस रोड पर अधिकांश दुकानें खुली रहीं। वहीं एसआरसीबी रोड पर भी कुछ दुकानें बंद दिखाई दीं। अचानक बाजार में दुकानें बंद होने की स्थिति उत्पन्न होने के बाद व्यापारियों और ग्राहकों में भी कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति बनी रही।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पान बाजार और फैंसी बाजार थाने से पुलिसकर्मी तत्काल फैंसी बाजार चौराहे पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस की मौजूदगी के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हुई और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।इस बीच फैंसी बाजार के कई व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे स्वर्गीय जुबीन गर्ग के प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान रखते हैं। व्यापारियों का कहना है कि जुबीन गर्ग असम की सांस्कृतिक पहचान और लोगों की भावनाओं से जुड़े हुए थे। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर अनेक व्यापारियों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करते हुए नमन किया।
कुछ व्यापारियों ने कहा कि जुबीन गर्ग के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि अपनी जगह है, लेकिन किसी समूह द्वारा दबाव बनाकर दुकानों को बंद करवाना सम्मान व्यक्त करने का उचित तरीका नहीं माना जा सकता। व्यापारियों का कहना है कि श्रद्धांजलि स्वेच्छा और भावनात्मक रूप से दी जानी चाहिए।
जुबीन गर्ग की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर फैंसी बाजार के अनेक व्यापारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी सोनापुर स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। वहीं शहर के विभिन्न हिस्सों में भी उनके सम्मान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा, कामरूप शाखा और फ्रेंड्स क्लब , युवा भारती के संयुक्त तत्वावधान में फैंसी बाजार में जुबीन गर्ग की स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। असम की कला एवं संगीत जगत में उनके योगदान को याद किया गया।
फैंसी बाजार में दिनभर की गतिविधियों के बीच एक ओर जहां कुछ दुकानें बंद रहीं, वहीं दूसरी ओर कई क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहीं। फैंसी बाजार के आसपास लखटकिया, ए टी रोड आदि में भी कुछ युवकों ने जबरन दुकान बंद करवाई। पुलिस ने इस संदर्भ में दो युवकों को गिरफ्तार भी किया है। कुल मिलाकर जुबीन गर्ग की प्रथम पुण्यतिथि पर फैंसी बाजार में श्रद्धा, भावनाओं और व्यापारिक गतिविधियों के बीच एक अलग माहौल देखने को मिला।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें