गौ सवामणी, गौ ग्रास और गौ पूरी की विशेष व्यवस्था
गुवाहाटी। पितृपक्ष के पावन अवसर पर पूर्वजों एवं पितरों की स्मृति में गौसेवा और दान-पुण्य करने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए श्री गौहाटी गौशाला की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। गौशाला के ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक धानुका ने बताया कि आठगांव एवं मालीगांव स्थित गौशालाओं में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार गौमाता की सेवा कर सकते हैं।
गौशाला के अध्यक्ष रमेश गोयनका ने बताया कि सनातन धर्म की परंपरा में पितृपक्ष के दौरान पूर्वजों की श्राद्ध तिथि पर गौसेवा एवं गौमाता को आहार कराने का विशेष महत्व माना गया है। इसी भावना के तहत श्रद्धालु अपने पितरों की स्मृति में गौ सवामणी, गौ ग्रास अथवा गौ पूरी की सेवा कर सकते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार गौसेवा को जीवदया एवं पुण्य कर्म का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है।
26 सितंबर से 10 अक्टूबर तक विशेष सेवा
26 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से शाम 4 बजे तक गौसेवा की विशेष सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें गौ सवामणी ₹2,000 में गेहूं एवं गुड़ का दलिया, गौ ग्रास ₹12,500 में हरी घास का एक ट्रक तथा गौ पूरी ₹15,000 में गौशाला की सभी गायों के लिए एक समय का आहार शामिल है।
इन सेवाओं के लिए एक दिन पूर्व प्री-बुकिंग अनिवार्य रहेगी। इसके अलावा दोनों गौशालाओं में श्रद्धालुओं के लिए हरी घास, गुड़ आदि की सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
प्री-बुकिंग के लिए संपर्क
गौ ग्रास, गौ सवामणी एवं गौ पूरी की प्री-बुकिंग के लिए आठगांव गौशाला : 94351-10836 तथा मालीगांव गौशाला : 94350-47267 (सीताराम बिहानी) पर संपर्क किया जा सकता है।
गौशाला प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से पितृपक्ष के इस पावन अवसर पर गौसेवा में सहभागी बनने तथा जीवदया की इस परंपरा को आगे बढ़ाने का आग्रह किया है। गौसेवा के साथ पितरों का श्रद्धापूर्वक स्मरण एवं नमन कर श्रद्धालु इस सेवा कार्य में अपनी सहभागिता निभा सकते हैं।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें