दूधिया रोशनी में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल, रोमांचक फाइनल में धीरज शर्मा की टीम विजेता
गुवाहाटी। असम के लोकप्रिय कलाकार एवं संगीत जगत के चहेते जुबिन दा की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा की ओर से ‘यूनिटी फुटबॉल लीग—इन मेमोरी ऑफ जुबिन दा’ का भव्य आयोजन किया गया। मानपाड़ा स्थित स्पाइडर स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने हिस्सा लिया। शाम पांच बजे से दूधिया रोशनी में खेले गए मुकाबलों ने खेलप्रेमियों में खासा उत्साह पैदा किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जबकि फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कड़े संघर्ष के बाद धीरज शर्मा की टीम ने 5-4 के रोमांचक अंतर से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि आशीष कोठारी की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता में धीरज शर्मा को विजेता और आशीष कोठारी को उपविजेता टीम के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं, अमित जैन को गोल्डन ग्लव्स और मृणाल झुनझुनवाला को गोल्डन बूट के सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज भजनका ने अपने कर-कमलों से ट्रॉफी का अनावरण किया तथा सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
आयोजन को सफल बनाने में पूर्वोत्तर मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष विनोद कुमार लोहिया, कामरूप शाखा की उपाध्यक्ष सरिता लोहिया, मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा के उपाध्यक्ष महेंद्र मित्तल, प्रदीप भुवालका, कार्यकारिणी सदस्य प्रभास अग्रवाल, विनोद कुमार जिंदल, राजेश भजनका, विकास जैन, मनोज नायब चांडक, संजीत धूत, मनोज लुंडिया, सुमित बजाज, प्रवीण फलोड, संदीप काबरा, रमेश मूंदड़ा एवं अरविंद पारीक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम संयोजक प्रवीण डागा एवं रमेश दमानी ने प्रतियोगिता शुरू होने से पूर्व सभी खिलाड़ियों को नियमों की जानकारी दी और खेल भावना तथा अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने कहा कि यह शाखा द्वारा आयोजित दूसरी लीग प्रतियोगिता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से सदैव खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
शाखा के सचिव सूरज सिंघानिया एवं कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रायोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ओरम कैटरिंग, विशाल चौहान, आरती चौहान, स्वाति अग्रवाल, गरिमा बोराड़, सुरुचि के विनीत अग्रवाल तथा पानी एवं जूस की व्यवस्था में सहयोग देने वाले विजित प्रकाश एवं प्रियंक जालान के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
दूधिया रोशनी में खेले गए मुकाबलों के दौरान मैदान में खिलाड़ियों के साथ दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हर गोल के साथ दर्शकों ने तालियों और उत्साहपूर्ण नारों से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। प्रतियोगिता ने खेलप्रेमियों को रोमांचक मुकाबलों के साथ-साथ एकजुटता और भाईचारे का संदेश भी दिया।
मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया। जुबिन दा की स्मृति को समर्पित यह आयोजन खेल, एकता और भाईचारे के साथ भावनात्मक रूप से भी उपस्थित लोगों के लिए यादगार बन गया।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें