मंगल पाठ से भक्तिमय हुआ क्षेत्र, प्रज्वलित हुई दिव्य ज्योत, लगा 56 भोग
सोयल खेतान, रोहा।
भादवी अमावस्या के शुभ अवसर पर रोहा में झुंझुनू वाली राणी सती दादीजी का भव्य दरबार सजा। मंगल पाठ, भजन-कीर्तन और जयकारों से समस्त क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन (अभामामस) और रोहा मारवाड़ी महिला समाज के संयुक्त तत्वावधान में रोहा पंचायती ठाकुरबाड़ी में अपराह्न 3 बजे से भाद्रपद अमावस्या महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा राणी सती दादीजी का भव्य दरबार सजाया गया तथा दिव्य ज्योत प्रज्वलित की गई। श्रद्धालुओं ने ज्योत के समक्ष सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
भाद्रपद अमावस्या के उपलक्ष्य में आयोजित राणी सती दादीजी के संगीतमय मंगल पाठ में महिला श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। मंगल पाठ, भजन-कीर्तन और राणी सती दादीजी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा राणी सती दादीजी को 56 भोग अर्पित किया गया तथा भक्तों के बीच 56 भोग का प्रसाद वितरित किया गया। सायंकाल महाआरती के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
मंगल पाठ में रोहा शाखा अभामामस की सदस्याओं सहित रोहा, चापरमुख और बारपुजिया मारवाड़ी समाज की महिला श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ‘झुंझुनू वाली राणी सती दादीजी’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें