सड़कों की बदहाली के खिलाफ टियोक में छात्रों की हुंकार - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

सड़कों की बदहाली के खिलाफ टियोक में छात्रों की हुंकार



राष्ट्रीय राजमार्ग समेत जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत व पुनर्निर्माण की मांग को लेकर मानव शृंखला


बिजू तुनवाल, टियोक।


राष्ट्रीय राजमार्ग समेत क्षेत्र की जर्जर एवं बदहाल सड़कों की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को टियोक में छात्रों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। सदौ असम छात्र संस्था (आसू) के आह्वान पर सदौ जोरहाट जिला छात्र संस्था के नेतृत्व में आयोजित मानव शृंखला में बड़ी संख्या में छात्र नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय छात्र शामिल हुए।


टियोक में सड़क किनारे आयोजित मानव शृंखला के दौरान छात्रों ने हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, आवश्यक मार्गों के पुनर्निर्माण तथा राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति में शीघ्र सुधार की मांग उठाई।


इस अवसर पर जोरहाट जिला छात्र संस्था के अध्यक्ष प्रीतम ज्योति सैकिया और सचिव रियाज हुसैन के अलावा काकोजन आंचलिक छात्र संस्था तथा टियोक आंचलिक छात्र संस्था के अध्यक्ष प्रदीप दत्त सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


छात्र नेताओं ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास की जीवनरेखा होती हैं। लंबे समय से जर्जर पड़े मार्गों के कारण आम लोगों के साथ विद्यार्थियों, मरीजों, वाहन चालकों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा जगह-जगह सड़कों की खराब स्थिति के कारण आवागमन प्रभावित होता है।


छात्र संस्था ने आरोप लगाया कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से जुड़ी गंभीर समस्या लंबे समय से बनी हुई है, इसके बावजूद मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से बिना किसी और देरी के युद्धस्तर पर सड़क मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।


छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जनता की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया तो छात्र संस्था आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक एवं तीव्र करने के लिए बाध्य होगी।


मानव शृंखला के माध्यम से छात्रों ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़कों की बदहाली अब केवल आवागमन की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह आम जनता की सुरक्षा, सुविधा और क्षेत्र के विकास से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है। सरकार और संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए छात्रों ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के सवाल पर अब किसी भी तरह की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें