बाबा रामदेव मंदिर में दिनभर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भजन संध्या में गूंजे बाबा के जयकारे
गुवाहाटी। फैंसी बाजार की गल्लापट्टी स्थित टीआरपी फूकन रोड के बाबा रामदेव पीर मंदिर में श्री रामदेव महोत्सव समिति के सौजन्य से भादव दशमी महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 6 बजे बाबा रामदेव के अभिषेक, विशेष पूजन-अर्चना और ज्योत प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया तथा आरती के पश्चात सवामणी प्रसाद का भोग अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंदिर को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया।
मंदिर के कपाट खुलते ही बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। दिनभर श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने बाबा रामदेव के दर्शन कर धोक लगाई तथा सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।
शाम को मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। नौगांव के प्रसिद्ध भजन गायक प्रदीप पारीक तथा गुवाहाटी की गायिका सुरमी राय ने बाबा रामदेव की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर बाबा रामदेव के जयकारों से गूंज उठा।
महोत्सव के दौरान मध्य गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय गुप्ता, वार्ड संख्या 16 के पार्षद प्रमोद स्वामी तथा वार्ड संख्या 15 के पार्षद सौरभ झुनझुनवाला ने भी बाबा रामदेव के दर्शन कर धोक लगाई और पूजा-अर्चना की।
श्री रामदेव महोत्सव समिति की ओर से पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच भादव दशमी महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें