नवनिर्मित वातानुकूलित सामुदायिक केंद्र का विधायक विजय गुप्ता, मेयर मृगेन सरनिया व पार्षद शंकर चक्रवर्ती ने किया उद्घाटन
गुवाहाटी। पीरों के पीर बाबा रामदेव जी की भादो दशमी के पावन अवसर पर चाबीपुल स्थित 37 वर्ष पुराने श्री रामदेव पीर मंदिर में चाबीपुल वाल्मीकि सेवा समिति के सौजन्य से दो दिवसीय भादो दशमी उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
उत्सव के प्रथम दिन बाबा रामदेव जी की ज्योत प्रज्वलित कर विधिवत आरती की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में नवनिर्मित वातानुकूलित सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन विधायक विजय गुप्ता, गुवाहाटी नगर निगम के मेयर मृगेन सरनिया तथा वार्ड संख्या 18 के पार्षद शंकर चक्रवर्ती ने फीता काटकर किया।
चाबीपुल वाल्मीकि सेवा समिति के अध्यक्ष शंभू वाल्मीकि ने बताया कि नवनिर्मित वातानुकूलित सामुदायिक भवन में 100 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस केंद्र का उपयोग वाल्मीकि समाज के छोटे-बड़े सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक केंद्र के निर्माण से समाज के लोगों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
समिति के सचिव कैलाश हरिजन ने बताया कि चाबीपुल स्थित इस प्राचीन मंदिर में पिछले 37 वर्षों से भाद्रपद शुक्ल द्वितीया को बाबा रामदेव जी का जन्मोत्सव तथा भाद्रपद शुक्ल दशमी को दशमी उत्सव श्रद्धा के साथ मनाया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 35 वर्षों से मुकेश मोर एवं सुशील सुरेखा द्वारा भंडारे सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
दशमी उत्सव के दूसरे दिन मंदिर के पुजारी प्रकाश हरिजन एवं मनोज झा ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं बाबा रामदेव जी का अभिषेक करवाया। इसके बाद ज्योत प्रज्वलित की गई। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में धोक लगाई। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
चाबीपुल वाल्मीकि महिला समिति की अध्यक्ष पूजा हरिजन ने बताया कि दशमी उत्सव के अवसर पर महिला समिति की ओर से प्रतिवर्ष भव्य पदयात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष भी पदयात्रा चाबीपुल स्थित रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर रेहाबाड़ी, पलटन बाजार, छत्रीबाड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए चौबेपुर मंदिर पहुंची, जहां पदयात्रा का समापन किया गया। पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
दशमी के अवसर पर शाम को महिला समिति की ओर से अमृत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ। प्रसिद्ध भजन गायक अशोक शर्मा के साथ स्थानीय गायकों ने बाबा रामदेव जी की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर हो गया।
दो दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में चाबीपुल वाल्मीकि सेवा समिति के अध्यक्ष शंभू वाल्मीकि, सचिव कैलाश हरिजन, कोषाध्यक्ष मंटू चांवरिया, सलाहकार किशन लाल, मनोज हरिजन, नवरंग हरिजन, कृष्ण पंवार, राजेश चांवरिया एवं श्रीचंद वाल्मीकि सहित समिति के सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा। वहीं, महिला समिति की अध्यक्ष पूजा हरिजन, सचिव माया देवी, कोषाध्यक्ष रेखा देवी, सुशीला देवी, पिंकी देवी एवं नीतू देवी सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।











कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें