न्यायिक सेवा में चयनित बांसुरी पोदार एवं दस दिवसीय तपस्या पूर्ण करने वाली सुवन्नय पाटनी का अभिनंदन
गुवाहाटी। समाज की प्रतिभाओं और उपलब्धियों को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा की ओर से दो प्रतिभाशाली महिलाओं का सम्मान किया गया। शाखा अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम में न्यायिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली सुश्री बांसुरी पोदार तथा दस दिवसीय तपस्या पूर्ण कर धार्मिक क्षेत्र में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करने वाली श्रीमती सुवन्नय पाटनी का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर महिला शाखा के लिए विशेष हर्ष एवं गौरव का विषय रहा कि समाज की बेटी सुश्री बांसुरी पोदार ने असम न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर न्यायिक पद पर नियुक्ति प्राप्त की है। सुश्री बांसुरी पोदार, मारवाड़ी सम्मेलन की पूर्व प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य श्री पंकज पोदार एवं महिला शाखा की सदस्य श्रीमती रीतु पोदार की सुपुत्री हैं।
बांसुरी पोदार की इस उपलब्धि पर महिला शाखा की सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे समाज को गौरवान्वित किया है। न्यायिक सेवा में उनका चयन उनकी प्रतिभा, परिश्रम, लगन और समर्पण का परिचायक है। न्याय के क्षेत्र में उनकी नई जिम्मेदारी समाज की अन्य बेटियों और युवतियों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करती है। महिला शाखा की ओर से उनका सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
इसी क्रम में महिला शाखा की सलाहकार श्रीमती मंजू पाटनी की पुत्रवधू श्रीमती सुवन्नय पाटनी का भी सम्मान किया गया। उन्होंने दस दिवसीय तपस्या पूर्ण कर धार्मिक साधना, श्रद्धा और संयम का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि को परिवार एवं समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए महिला शाखा की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। सदस्यों ने कहा कि धार्मिक साधना के प्रति उनकी निष्ठा और आत्मसंयम निश्चित रूप से प्रेरणादायी है।
सम्मान समारोह के दौरान महिला शाखा की सदस्यों ने दोनों प्रतिभाओं की उपलब्धियों को समाज के लिए सकारात्मक संदेश बताया। एक ओर बांसुरी पोदार ने शिक्षा एवं परिश्रम के बल पर न्यायिक सेवा में स्थान प्राप्त कर युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की, वहीं सुवन्नय पाटनी ने तपस्या और धार्मिक अनुशासन के माध्यम से आध्यात्मिक समर्पण का उदाहरण पेश किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला शाखा की कोषाध्यक्ष शांति कुंडलिया, उपाध्यक्ष रेखा गोयल एवं रश्मि जैन, कार्यकारिणी सदस्य ज्योति शर्मा तथा सदस्य बबिता सरावगी एवं सुरेल बिदासरिया का सराहनीय योगदान रहा।
मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा परिवार ने दोनों सम्मानित प्रतिभाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें