रोहा में मुख्यमंत्री ने देवाशीष शर्मा के समर्थन में किया चुनाव प्रचार, कांग्रेस पर साधा निशाना - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

रोहा में मुख्यमंत्री ने देवाशीष शर्मा के समर्थन में किया चुनाव प्रचार, कांग्रेस पर साधा निशाना



जनसभा में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सरकार की योजनाओं और क्षेत्र के विकास कार्यों का किया जिक्र


रोहा। नगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार तेज हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को रोहा क्रीड़ा संघ के खेल मैदान में भाजपा प्रत्याशी देवाशीष शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने संबोधित किया। नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होना है और 9 अक्टूबर को मतगणना निर्धारित है।


मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से सभा स्थल पहुंचे। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस और एआईयूडीएफ पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार देवाशीष शर्मा 50 हजार से अधिक मतों से विजयी होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि इस उपचुनाव में कांग्रेस हारती है तो वर्ष 2031 में राज्य की सभी 126 विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत होगी।


मुख्यमंत्री ने एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अजमल की उम्र हो गई है और अब उन्हें राजनीति से दूर होकर आराम करना चाहिए। उन्होंने अजमल के परिवार की अगली पीढ़ी को जिम्मेदारी देने की बात भी कही।


कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूर्व विधायक रही हैं, लेकिन उनके अनुसार उन्होंने विकास कार्यों को लेकर उनसे संपर्क नहीं किया। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।


जनसभा में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और प्रस्तावित कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दो लाख युवक-युवतियों को रोजगार देने, दुर्गा पूजा के अवसर पर अरुणोदय योजना की राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 1,500 रुपये करने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर पहले 25 हजार और बाद में 50 हजार रुपये करने की बात कही।


उन्होंने महिलाओं की आय बढ़ाने के उद्देश्य से दुग्ध सहकारी समितियों के गठन की भी बात कही। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन समूहों को सरकार की ओर से गाय उपलब्ध कराने तथा दूध की खरीद निर्धारित दर से अधिक पर करने की व्यवस्था की जाएगी।


रोहा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ने 10 हजार अतिरिक्त महिलाओं को अरुणोदय योजना से जोड़ने की बात कही। उन्होंने विधायक शशिकांत दास की मांगों का उल्लेख करते हुए रोहा में एडीआरई परीक्षा के लिए प्रशिक्षण केंद्र, पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए पांच खेल मैदान तथा मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की दिशा में व्यवस्था करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों की स्थापना में सरकार आर्थिक सहयोग करेगी।


मुख्यमंत्री ने रोहा में 50 बिस्तरों वाले अस्पताल और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों से संबंधित विधायक की मांगों पर भी जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।


निमिषा ठाकुरिया मामले पर पूछे गए सवाल के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और वह स्वयं भी इस पर नजर रखेंगे। उन्होंने समाज में सुरक्षा और संस्कारों के महत्व की बात कही तथा लोगों से अपनी परंपराओं और सामाजिक मूल्यों का पालन करने का आह्वान किया।


जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक बार फिर मोदी सरकार’ गीत पर नृत्य भी किया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ देखा।


सभा में राज्य सरकार के मंत्री पीयूष हाजरिका, जयंत मल्ल बरुआ, केशव महंत, निलिमा देवी सहित भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें