‘डांडिया गरबा नो रास’ में रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने बांधा समां
गुवाहाटी। राष्ट्रीय सामाजिक विकास समिति के तत्वावधान में शनिवार को भव्य डांडिया एवं गरबा उत्सव ‘डांडिया गरबा नो रास’ का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं और बच्चों ने गरबा एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवी रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का आकर्षक चित्रण प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संतोष शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शांति कुंडलिया उपस्थित रहीं। निर्णायक मंडल में बॉबी बादशाह, जागृति बुद्धदेव और निकिता शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, डीजे जैजी की संगीत प्रस्तुति ने उत्सव में और उत्साह भर दिया। गरबा और डांडिया की मधुर धुनों पर प्रतिभागियों ने जमकर नृत्य किया।
उत्सव को और मनोरंजक बनाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बेस्ट गरबा-डांडिया, बेस्ट ड्रेस, दयाबेन और एनर्जेटिक परफॉर्मेंस जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। इसके साथ ही लकी ड्रॉ ने प्रतिभागियों और अतिथियों के बीच रोमांच बनाए रखा।
कार्यक्रम में समिति के सदस्यों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आयोजन का भरपूर आनंद उठाया। उपस्थित लोगों ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की अध्यक्ष सारिका अग्रवाल, सहसचिव सुनीता वर्मा, कोषाध्यक्ष पिंकी बैगानी तथा संयोजिकाओं बबीता अग्रवाल, अंजू वर्मा, विनीता कयाल, कनक सेठिया और किरण अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उत्सव ने सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक सहभागिता और सामूहिक उल्लास का संदेश दिया।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें