भव्य पूजा पंडालों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सिलचर से मदन सिंघल
सिलचर। सिलचर सहित पूरे कछार जिले में शारदीय दुर्गोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। जिले के सैकड़ों पूजा पंडालों में मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाएं और भव्य सजावट श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं। शहर की गलियों से लेकर प्रमुख पूजा स्थलों तक दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
दुर्गोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए हैं। बांग्लादेश सीमा पर भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई है। वहीं, उत्सव के दौरान बिजली आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
जिले में विभिन्न स्थानों पर जलसेवा शिविर लगाए गए हैं। इसके अलावा, अधिकांश पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। सेवा और धार्मिक गतिविधियों के बीच पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
सप्तमी, अष्टमी और नवमी की पूजा-अर्चना के बाद विजयादशमी के दिन मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही शारदीय दुर्गोत्सव का समापन होगा।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें