विभिन्न घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात
रिपोर्ट: मदन सिंघल
सिलचर। सिलचर सहित पूरे कछार जिले में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन धूमधाम और भक्तिमय माहौल में जारी रहा। सैकड़ों पूजा पंडालों में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद समितियों ने मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ शोभायात्राएं निकालीं। गाजे-बाजे की धुन पर नाचते-गाते और गुलाल-अबीर लगाते हुए श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर पहुंचे, जहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
विसर्जन के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह नो-एंट्री व्यवस्था लागू की गई। इससे पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को घूमकर पूजा पंडालों के दर्शन करने में सुविधा हुई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी।
सदरघाट, अन्नपूर्णा घाट और मदुरा घाट सहित विभिन्न नदी घाटों पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। अवकाश होने के कारण सिलचर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दुर्गा पूजा के उत्सव का आनंद लिया।
इस दौरान विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों की ओर से जगह-जगह जलसेवा शिविर भी लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को पेयजल उपलब्ध कराया गया।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें